Jaipur News: जयपुर में फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर में मिलीं अनियमितताएं, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
Jaipur News: जयपुर में फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर में मिलीं अनियमितताएं, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
छोटा अखबार।
प्रदेश में दीपावली पर शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जांच की जा रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के निर्देशानुसार और खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय दल और जयपुर-I व जयपुर-II की टीमों ने मिठाई की दुकानों, दूध-पनीर विक्रेताओं और डार्क स्टोर्स का निरीक्षण किया।
शिकायत पर सांगानेर स्थित फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर के निरीक्षण में चिलर रूम में गंदगी, खराब भंडारण व्यवस्था, क्षतिग्रस्त पैकेट और कुछ उत्पादों की सामग्री सूची पर बारकोड स्टिकर लगे मिले। टीम ने क्षतिग्रस्त पैकेजिंग वाले उत्पाद नष्ट करवाए और रिच देसी घी और सुरभि टोमेटो कैचअप के नमूने लिए। प्रबंधन को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और सही लेबलिंग के निर्देश दिए गए।
जयपुर-I की टीम ने रावत मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई, अखरोट बर्फी, मक्खन बड़ा, खाद्य तेल और समोसे के नमूने लिए। वैशाली नगर के दूध भंडारों और जयपुर पनीर प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। जयपुर-II की टीम ने मोहननी इंडस्ट्रीज से बेसन और आटे, जेप्टो डार्क स्टोर से सरस घी और बेसन के लड्डू, सोडाणी स्वीट्स से इमरती, रघुनंदन स्वीट्स से मावा मिठाई और श्याम एंड कंपनी से घी के नमूने लिए। राजवाड़ी कचौरी से प्रयुक्त खाद्य तेल तथा आइस स्पाइस से पैटीज का नमूना भी लिया गया। पैकेजिंग संबंधी कमियों पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
जयपुर के सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब एवं मिलेट्स (श्रीअन्न) स्टॉल के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं संतुलित खान-पान, खाद्य पैकेट पर लिखी जानकारी पढ़ने और श्रीअन्न के पोषण संबंधी लाभों के बारे में बताया गया।

Comments