Rajasthan News: सांवलियाजी मंदिर में जबरन घुसने और हुड़दंग मचाने के आरोप में चार युवक गिरफ्तार
Rajasthan News: सांवलियाजी मंदिर में जबरन घुसने और हुड़दंग मचाने के आरोप में चार युवक गिरफ्तार
छोटा अखबार।
प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में जबरन प्रवेश करने, सुरक्षाकर्मियों से उलझने और बैरिकेड्स तोड़ने के आरोप में मंडफिया थाना पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वीआईपी एंट्री की मांग को लेकर मंदिर के प्रतिबंधित गेट पर जमकर हंगामा किया, जिससे परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बैरिकेड्स तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास—
मंडफिया थानाधिकारी रवींद्र सेन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गणेश कुमावत (मनासा मंडी), किशन लोहार (बागोर, भीलवाड़ा), आशीष लोहार (बलौदा गायत्री नगर) और माधव अहीर (गुनास, भीलवाड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन चारों युवकों ने मंदिर के एक प्रतिबंधित गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ बहस की। वीआईपी एंट्री बंद होने के बावजूद वे नहीं माने और गेट पर लगे बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए। आरोपियों ने बैरिकेड्स को क्षतिग्रस्त कर दिया और जबरन भीतर घुसने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शांतिभंग व उत्पाद मचाने के आरोप में चारों को दबोच लिया।
वीआईपी गेट नहीं, स्टाफ का था मार्ग—
इस पूरे घटनाक्रम पर श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि जिस गेट पर युवकों ने हंगामा और तोड़फोड़ की, वह कोई वीआईपी दर्शन मार्ग नहीं है। वह गेट केवल मंदिर के स्टाफ और प्रशासनिक कर्मचारियों के आने-जाने के लिए आरक्षित है। आरोपियों ने इसे वीआईपी एंट्री समझकर जबरन प्रवेश की जिद की और कानून हाथ में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Comments