Rajasthan News: प्रसूता मृत्यु प्रकरण की होगी उच्च स्तरीय जांच, आज से प्रदेशभर में विशेष अभियान शुरू
Rajasthan News: प्रसूता मृत्यु प्रकरण की होगी उच्च स्तरीय जांच, आज से प्रदेशभर में विशेष अभियान शुरू
छोटा अखबार।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने भीलवाड़ा स्थित महात्मा गांधी चिकित्सालय का सघन निरीक्षण किया। हाल ही में अस्पताल के मातृ एवं शिशु विभाग में हुई प्रसूता मृत्यु की दुखद घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने यह कदम उठाया। उन्होंने मेडिकल आईसीयू, गायनिक ऑपरेशन थिएटर और संबंधित वार्डों का जायजा लिया और वहां भर्ती गंभीर मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
राज्य स्तरीय समिति करेगी विस्तृत जांच—
प्रसूता मृत्यु प्रकरण की उच्च स्तरीय समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मामले की पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जांच की जाएगी। इसके लिए एक राज्य स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है, जो इस पूरे मामले की विस्तृत और गहन जांच करेगी। मंत्री ने अधिकारियों से आवश्यक चिकित्सकीय दस्तावेज तलब किए हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
15 जुलाई से 5 दिवसीय विशेष स्क्रीनिंग अभियान—
प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने एक बड़े कदम की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 15 जुलाई से प्रदेशभर में 5 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत राजस्थान की सभी गर्भवती महिलाओं की निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुसार सघन स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि हाई-रिस्क (उच्च जोखिम) वाली गर्भधारण श्रेणियों की पहचान कर समय पर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा सके। सरकार प्रसव पूर्व देखभाल की गुणवत्ता सुधारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Comments