RPSC News: प्रदेश में बंपर भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी, RAS सहित 1100 से अधिक पदों पर मिलेगा मौका
RPSC News: प्रदेश में बंपर भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी, RAS सहित 1100 से अधिक पदों पर मिलेगा मौका
छोटा अखबार।
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर प्रदान करते हुए विभिन्न विभागों में बंपर भर्तियों का विज्ञापन जारी किया है। आयोग द्वारा राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं (RAS), सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) और प्राध्यापक (विशेष शिक्षा) के कुल 1100 से अधिक पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
RAS भर्ती 2026: 607 पदों के लिए 29 नवंबर को परीक्षा—
आयोग ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं भर्ती-2026 के तहत कुल 607 पदों पर विज्ञापन जारी किया है। इनमें राज्य सेवाएं के 192 और अधीनस्थ सेवाएं के 415 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 4 जून से शुरू होकर 3 जुलाई 2026 की रात 12 बजे तक किए जा सकेंगे। आयोग के अनुसार, RAS प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2026 को वस्तुनिष्ठ (Objective) रूप में किया जाना प्रस्तावित है, जबकि मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक (Descriptive) होगी। परीक्षाओं का पाठ्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर पहले ही 9 जनवरी 2026 को जारी किया जा चुका है।
सहायक अभियोजन अधिकारी के 371 पदों पर भर्ती—
गृह विभाग में सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) के 371 पदों पर भी भर्ती निकाली गई है। इच्छुक अभ्यर्थी इन पदों के लिए 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 2 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
प्राध्यापक (विशेष शिक्षा) के 121 पदों के लिए जून में आवेदन—
माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक-विशेष शिक्षा परीक्षा 2026 के तहत 121 पदों पर भर्ती होगी। इसका विज्ञापन 22 मई 2026 को जारी किया गया था। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 जून से 30 जून 2026 की रात 12 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इस परीक्षा का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को होना प्रस्तावित है।
आयोग सचिव ने स्पष्ट किया है कि सभी भर्तियों के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे। शैक्षणिक योग्यता, वर्गवार वर्गीकरण और विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।

Comments