Rajasthan News: वन विभाग ने चम्बल नदी में 20 घड़ियाल हैचलिंग्स का किया पुनर्वास

Rajasthan News: वन विभाग ने चम्बल नदी में 20 घड़ियाल हैचलिंग्स का किया पुनर्वास


छोटा अखबार।

चम्बल नदी में घड़ियालों के संरक्षण और उनकी प्राकृतिक आबादी को मजबूत बनाने की दिशा में वन विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य के पालीघाट में मंगलवार को 20 घड़ियाल हैचलिंग्स को रेडियो/वेरी हाई फ्रीक्वेंसी टैग लगाकर उनके प्राकृतिक आवास चम्बल नदी में छोड़ा गया। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद ने इन हैचलिंग्स को नदी में पुनर्स्थापित किया। मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव और क्षेत्र निदेशक, रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह, उप वन संरक्षक व उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं क्षेत्र निदेशक रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह ने बताया कि यह पहल घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना के तहत की जा रही है। इस वर्ष कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग कर उन्हें तीन चरणों में प्राकृतिक आवास में पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके प्रथम चरण में मंगलवार को 20 हैचलिंग्स को चम्बल नदी में छोड़ा गया है। शेष हैचलिंग्स को फरवरी माह के अंत तक नदी में पुनर्स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेडियो टेलीमेट्री तकनीक के माध्यम से छोड़े गए घड़ियालों के विचरण क्षेत्र, गतिविधियों, व्यवहार, प्राकृतिक आवास में अनुकूलन एवं उत्तरजीविता का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। इससे घड़ियालों के जीवन-चक्र और चम्बल नदी की पारिस्थितिकी को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में इनके संरक्षण के लिए अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी।

उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि नवजात घड़ियालों को शुरुआती अवस्था में तेज जल प्रवाह, बाढ़, जंगली जानवरों और मछली पकड़ने के जाल जैसी चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए पालीघाट स्थित रेयरिंग सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से उनका पालन-पोषण किया गया। हैचलिंग्स को अलग-अलग सुरक्षित केबिन में रखा गया और उनके प्राकृतिक व्यवहार को बनाए रखने के लिए भोजन में जीवित मछलियां दी गईं। उन्होंने बताया कि पर्याप्त विकास होने और 75 सेंटीमीटर से अधिक लंबाई प्राप्त करने के बाद इन हैचलिंग्स को प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा रहा है, जिससे उनके जीवित रहने एवं प्राकृतिक वातावरण में अनुकूलन की संभावनाएं बेहतर हो सकें।

राजस्थान वानिकी और जैव विविधता विकास परियोजना के तहत पालीघाट स्थित घड़ियाल रेयरिंग सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। यहां विशेष एनक्लोजर, बास्किंग प्लेटफॉर्म, जल फिल्ट्रेशन एवं पम्पिंग सिस्टम तथा सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं से घड़ियालों के शावकों की सुरक्षा, बेहतर देखरेख और वैज्ञानिक निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी। वन विभाग ने आमजन से चम्बल नदी में कचरा एवं प्लास्टिक नहीं डालने, घड़ियालों के प्रजनन स्थलों से दूरी बनाए रखने तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि चम्बल नदी की जैव विविधता एवं पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस