Rajasthan News: भाजपा तुरंत प्रभाव से शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करें नहीं तो सूपड़ा साफ तय है —डोटासरा
Rajasthan News: भाजपा तुरंत प्रभाव से शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करें नहीं तो सूपड़ा साफ तय है —डोटासरा
छोटा अखबार।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ तीखा हमला बोला है। डोटासरा ने हाल ही में एक स्कूल दौरे के दौरान हुई हिंसक घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुये कहा कि किसी पर भी पत्थर मारना और समाज में हिंसा भड़काना पूरी तरह से गलत और अस्वीकार्य है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्ति पर देश के हर नागरिक का अधिकार है।
श्री डोटासरा ने कहा कि सरकारी स्कूल जनता की संपत्ति हैं। कोई भी आम नागरिक या जनप्रतिनिधि स्कूल की स्थिति देखने, वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने और शिक्षा के स्तर को समझने के लिए वहां जा सकता है। इसमें किसी भी तरह की बंदिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक और विपक्ष के रूप में कांग्रेस हमेशा शिक्षा की बेहतरी के लिए काम करती रही है।
उन्होने पूर्ववर्ती सरकार और अपनी नीति का जिक्र करते हुए कहा, "एक आम नागरिक के रूप में हम हमेशा स्कूल विकास समितियों और भामाशाहों के माध्यम से ग्रामीणों को स्कूलों से जोड़ते हैं।" और इस जुड़ाव का एकमात्र उद्देश्य सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचा मजबूत करना व राज्य में शिक्षा का स्तर सुधारना है। लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इसके ठीक विपरीत हो रहा है।वहीं उन्होने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जहां स्कूलों में शिक्षा और शांति का माहौल होना चाहिए, वहां आज सरेआम पत्थर बरसाए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा के स्थानीय विधायकों के रवैये पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक इस हिंसा की निंदा करने के बजाय उल्टे सीना ठोक कर कह रहे हैं कि 'वे गुंडे थे इसलिए पिटे'। डोटासरा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह की हिंसक भाषा का इस्तेमाल करना और मारपीट को सही ठहराना बेहद शर्मनाक और गलत है।
शिक्षा मंत्री को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए डोटासरा ने भाजपा आलाकमान को दोटूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को राजस्थान में अपनी थोड़ी-बहुत भी साख बचानी है, तो उसे तुरंत प्रभाव से शिक्षा मंत्री को उनके पद से बर्खास्त कर देना चाहिए, नहीं तो भाजपा के सूपड़ा साफ होना तय है। राजनीतिक चेतावनी देते हुए उन्होने कहा कि अगर भाजपा सरकार ने अपनी इस कार्यशैली को नहीं बदला और दागी मंत्रियों व विधायकों पर कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले समय में राजस्थान की जनता इन्हें कड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का पूरी तरह से सूपड़ा साफ होना बिल्कुल तय है। इस बयान के बाद राज्य की सियासत में एक बार फिर स्कूल सुरक्षा, कानून व्यवस्था और शिक्षा विभाग के रवैये को लेकर बहस तेज हो गई है।

Comments