Rajasthan News: राजस्थान के 183 नगरीय निकायों में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की होगी भर्ती
Rajasthan News: राजस्थान के 183 नगरीय निकायों में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की होगी भर्ती
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 'सुशासन संकल्प' और 'स्वच्छ राजस्थान' के विजन को धरातल पर उतारने के लिए स्वायत्त शासन विभाग ने प्रदेश में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। राज्य सरकार ने प्रदेशभर के 183 नगरीय निकायों में कुल 24,752 पदों पर संविदा सफाई कर्मचारियों की सीधी भर्ती करने की आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है। इस बड़ी भर्ती से नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था बेहद मजबूत और सशक्त होगी।
15 अगस्त से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन—
इस भर्ती के इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 15 अगस्त से 28 सितम्बर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट या एसएसओ आईडी के माध्यम से पूरी की जा सकेगी।
संतोषजनक सेवा के बाद नियमित होने का मौका—
सरकार के आदेशानुसार, इन संविदा कार्मिकों की कार्यकुशलता का हर छह महीने में मूल्यांकन किया जाएगा। संतोषजनक सेवा अवधि और सकारात्मक मूल्यांकन के उपरांत इन संविदा कार्मिकों को नियमानुसार नियमित किया जाएगा। यह प्रावधान अस्थायी रूप से जुड़ने वाले युवाओं के सुनहरे भविष्य और रोजगार की सुरक्षा को सुनिश्चित करता है।जरूरी योग्यता एवं चयन प्रक्रियाआयु सीमा: आवेदक की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता: इस पद के लिए कोई न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं रखी गई है।
अनुभव: नगरीय निकाय या प्राधिकृत संस्थान में 1 वर्ष का सफाई कार्य का अनुभव प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।
चयन का आधार: आवेदनों की संवीक्षा और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद लॉटरी सिस्टम के माध्यम से पारदर्शी तरीके से चयन किया जाएगा।
सीमित आवेदन: एक अभ्यर्थी प्रदेश के केवल एक ही नगर निकाय से आवेदन करने के लिए पात्र होगा। यह भर्ती न केवल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ेगी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को गति देते हुए शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी।

Comments