CM NEWS: राजस्थान और इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) के बीच ऐतिहासिक समझौता: सौर ऊर्जा का वैश्विक केंद्र बनेगा प्रदेश
CM NEWS: राजस्थान और इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) के बीच ऐतिहासिक समझौता: सौर ऊर्जा का वैश्विक केंद्र बनेगा प्रदेश
छोटा अखबार।
राजस्थान ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक और नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान सरकार और 128 देशों के समूह 'इंटरनेशनल सोलर अलायंस' (ISA) के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इसके तहत दोनों पक्षों ने 'फ्रेमवर्क फॉर एक्शन-एडवांस क्लीन एनर्जी, ड्रिवन सस्टेनेबल डेवलपमेंट' पर हस्ताक्षर किए। इस ऐतिहासिक कदम के साथ ही राजस्थान देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है, जिसने सीधे आईएसए के साथ यह वैश्विक समझौता किया है।
इस फ्रेमवर्क पर राजस्थान की ओर से ऊर्जा सचिव सुश्री आरती डोगरा और इंटरनेशनल सोलर अलायंस के महानिदेशक आशीष खन्ना ने हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी इस बात का स्पष्ट प्रतीक है कि राजस्थान अब न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में सौर ऊर्जा के एक प्रमुख और शक्तिशाली केंद्र के रूप में उभर रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने के वैश्विक प्रयासों की अगुवाई कर रहा है। आईएसए भी प्रधानमंत्री की इसी पर्यावरण-अनुकूल और प्रगतिशील सोच का परिणाम है, जिसने सौर ऊर्जा को एक वैश्विक जन-आंदोलन का रूप दे दिया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज हस्ताक्षरित हुआ यह फ्रेमवर्क स्वच्छ, सुरक्षित और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। आईएसए के साथ इस मजबूत साझेदारी से प्रदेश परंपरागत ऊर्जा स्रोतों से नवीकरणीय ऊर्जा की ओर बहुत तेजी से कदम बढ़ाएगा। इसके तहत राज्य में सौर ऊर्जा के विस्तार, ग्रिड प्रसारण और वितरण की एक व्यापक योजना तैयार की जाएगी। इससे बिजली आपूर्ति में बड़ा सुधार होगा और प्रदेश के उपभोक्ताओं को चौबीसों घंटे गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली मिल सकेगी। यह समझौता राजस्थान के सतत विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Comments