C M NEWS: पांचना बांध समझौते के तहत मंगलवार तड़के जल प्रवाह हुआ सुचारू, सीएम ने की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग
C M NEWS: पांचना बांध समझौते के तहत मंगलवार तड़के जल प्रवाह हुआ सुचारू, सीएम ने की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कड़े निर्देशों और व्यक्तिगत मॉनिटरिंग के बाद पांचना बांध समझौते के तहत जल प्रवाह का रास्ता साफ हो गया है। बांध से पानी छोड़े जाने के दौरान आई गंभीर तकनीकी खामी को एसडीआरएफ और जल संसाधन विभाग की टीमों ने रात भर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पूरी तरह दूर कर दिया है। मंगलवार तड़के 4:50 बजे उस मुख्य गेट को भी खोल दिया गया, जिसमें तकनीकी दिक्कत आ रही थी। इसके साथ ही पिछले 20 वर्षों से बंद पड़े गेटों की तकनीकी खराबी को भी ठीक कर उन्हें चालू कर दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया था। तकनीकी खामी को दुरुस्त करने के लिए भरतपुर, बीसलपुर और मथुरा से विशेष रूप से इंजीनियरों और विशेषज्ञों की टीमों को आपातकालीन स्थिति में बुलाया गया। विशेषज्ञों और जवानों ने युद्ध स्तर पर काम करते हुए पूरी रात ऑपरेशन चलाया। इस दौरान दिल्ली प्रवास पर होने के बावजूद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पल-पल की रिपोर्ट लेते रहे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में लिफ्ट, कैनाल और नदी की तरफ के सभी निर्धारित गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं, जिससे पानी का सुचारू प्रवाह शुरू हो चुका है। पांचना बांध से पानी छोड़े जाने से क्षेत्र के किसानों और आमजन में भारी उत्साह है। जल संसाधन विभाग अब प्रवाह क्षेत्र और बांध के जलस्तर पर लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि आगे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या तकनीकी बाधा से निपटा जा सके। मुख्यमंत्री की इस त्वरित मॉनिटरिंग और विभागों के समन्वय से एक बड़ा संकट टल गया है।


Comments