Rajasthan News: वक्त आने पर शिखर इस्तेमाल कर सकते है ट्रंप कार्ड: अनेको के महत्वपूर्ण राज है उनके पास

Rajasthan News: वक्त आने पर शिखर इस्तेमाल कर सकते है ट्रंप कार्ड: अनेको के महत्वपूर्ण राज है उनके पास


-महेश झालानी


छोटा अखबार।

आईएएस शिखर अग्रवाल फिलहाल फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। उनकी खामोशी ही इस समय उनका सबसे बड़ा हथियार है। दूसरी तरफ एसीबी भी फिलहाल कोई जल्दबाजी या आक्रामकता दिखाती नजर नहीं आ रही है। लेकिन यह शांति कब तक कायम रहेगी, कहना मुश्किल है। जिस दिन किसी जांच एजेंसी ने उनसे सख्ती बरती या सुबोध अग्रवाल जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, उस दिन शिखर अग्रवाल अपने बचाव में ट्रंप कार्ड इस्तेमाल करने से शायद ही चूकें। उनके पास अनेक आला अधिकारियों के ऐसे राज होने की चर्चा है, जिनका खुलासा प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर सकता है। सवाल यह है कि क्या शिखर अग्रवाल की चुप्पी के पीछे किसी बड़े पलटवार की रणनीति छिपी है?

शिखर अग्रवाल का प्रशासनिक सफर उन्हें राजस्थान की सत्ता और नौकरशाही के कई महत्वपूर्ण केंद्रों तक ले गया है। जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त से लेकर मुख्यमंत्री के एसीएस जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहने के दौरान उनका संपर्क राजनीतिक नेतृत्व, वरिष्ठ आईएएस-आईपीएस अधिकारियों, उद्योगपतियों और बिल्डर समूहों से रहा है। जेडीए में रहते हुए जमीन, भू-उपयोग परिवर्तन, निर्माण स्वीकृतियों और बड़ी परियोजनाओं से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को उन्होंने करीब से देखा है। मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने के कारण शासन के शीर्ष स्तर पर होने वाले निर्णयों की कार्यप्रणाली से भी वे परिचित रहे हैं।

यही अनुभव आज उनके लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। उन्हें मालूम हो सकता है कि सरकारी निर्णयों के पीछे किन लोगों की भूमिका रही, किन प्रस्तावों को किस स्तर पर आगे बढ़ाया गया और किन कारोबारी समूहों की पहुंच सत्ता के गलियारों तक रही। इस पूरे प्रकरण का सबसे संवेदनशील पहलू यही है। शिखर अग्रवाल के पास यदि प्रभावशाली लोगों के निवेश और कारोबारी रिश्तों से संबंधित दस्तावेजी जानकारी है तो उसका दायरा केवल राजनीतिक नेतृत्व और नौकरशाही तक सीमित नहीं हो सकता। इसकी तपन दूर तक जा सकती है । ऐसे में कई और भी शिखर लपेटे में आए बिना नहीं रह सकते है । 

ध्यान देने की बात है कि एसीबी के अधिकारी भी उसी पुलिस व्यवस्था का हिस्सा हैं, जिसके भीतर वर्षों से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच संपर्क और कार्यगत रिश्ते रहे हैं। शिखर अग्रवाल के लंबे प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि क्या उन्हें पुलिस महकमे के कुछ प्रभावशाली अधिकारियों के कथित निवेश और कारोबारी संबंधों की जानकारी है? उनके निकटवर्ती सूत्रों से मिले संकेतों के अनुसार, उनके पास कई महत्वपूर्ण जानकारियां हो सकती हैं। राजस्थान में जमीन और रियल एस्टेट का कारोबार लंबे समय से सत्ता और प्रशासन के संपर्क में रहा है। बड़ी परियोजनाओं के लिए जमीन, पर्यावरणीय स्वीकृति, निर्माण अनुमति और सरकारी रियायतें महत्वपूर्ण होती हैं। ऐसे में बिल्डर समूहों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच संबंधों की पड़ताल इस प्रकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती है । मौका पड़ने पर एसीबी के अधिकारियों का पर्दाफाश करने से नहीं चुकेंगे ।

शिखर अग्रवाल के बिल्डर समूहों से रहे संपर्कों को भी इसी परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए। यदि उनके पास कंपनियों, निवेशकों, अधिकारियों और परियोजनाओं के बीच संबंध स्थापित करने वाले दस्तावेज हैं तो जांच एजेंसियों को उनका परीक्षण करना चाहिए। सवाल यह भी है कि क्या जांच केवल संबंधित कंपनी और शिखर अग्रवाल की भूमिका तक सीमित रहेगी या उन सभी लोगों की जिम्मेदारी तय होगी, जिन्होंने कथित तौर पर सरकारी निर्णयों में भूमिका निभाई?

एसीबी के सामने सबसे बड़ी चुनौती निष्पक्षता बनाए रखने की होगी। यदि जांच में किसी अन्य अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति का नाम अथवा निवेश सामने आता है तो उसकी भी समान रूप से जांच होनी चाहिए। जांच का उद्देश्य किसी एक अधिकारी को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाना होना चाहिए। किसने लाभ पहुंचाया, किसे लाभ मिला, सरकारी निर्णयों से किसका आर्थिक हित जुड़ा और क्या किसी ने अपने पद का दुरुपयोग किया, इन सभी प्रश्नों के जवाब जरूरी हैं।

फिलहाल शिखर अग्रवाल की रणनीति प्रतीक्षा और संयम की दिखाई देती है। लेकिन यदि परिस्थितियां बदलती हैं तो उनकी रणनीति भी बदल सकती है। सुबोध अग्रवाल प्रकरण का उदाहरण प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय रहा है। हालांकि दोनों मामलों की परिस्थितियां अलग हैं और उनके बीच सीधी समानता मानना उचित नहीं होगा। फिर भी शिखर अग्रवाल के मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यही है कि क्या वे अपने बचाव तक सीमित रहेंगे या जांच के दौरान दूसरे प्रभावशाली लोगों से जुड़े तथ्य भी सामने लाएंगे? फिलहाल राजस्थान के प्रशासनिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिखर अग्रवाल खामोश रहेंगे या वक्त आने पर ऐसा ट्रंप कार्ड खेलेंगे, जिसकी गूंज सत्ता से लेकर पुलिस मुख्यालय तक सुनाई देगी?

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस