Rajasthan News: सवाई माधोपुर में सरपंच चुनाव में उतरे 43 प्रत्याशी, कम पड़े चुनाव चिन्ह तो बांटे गए 'बेंच, तकिया और नाव'

Rajasthan News: सवाई माधोपुर में सरपंच चुनाव में उतरे 43 प्रत्याशी, कम पड़े चुनाव चिन्ह तो बांटे गए 'बेंच, तकिया और नाव'


छोटा अखबार।

राजस्थान में चल रहे पंचायती राज चुनावों के अंतिम चरण के मतदान के बीच सवाई माधोपुर की पंचायत समिति के सूरवाल ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए 43 प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में ताल ठोकी है। उम्मीदवारों की इस संख्या ने न केवल चुनावी मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है, बल्कि निर्वाचन विभाग के सामने भी अनोखी चुनौती खड़ी कर दी है। जानकारी में आया है कि सूरवाल ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए चुनावी उत्साह इस कदर चरम पर रहा कि कुल 55 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद भी 43 उम्मीदवार अंत तक चुनाव मैदान में डटे रहे। इस पंचायत में लगभग 6,566 मतदाता पंजीकृत हैं, जिन्हें अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुनने के लिए लंबी सूची का सामना करना पड़ रहा है।

प्रत्याशियों की संख्या 40 के पार पहुंचते ही निर्वाचन विभाग के सामने चुनाव चिन्ह आवंटन की समस्या खड़ी हुई। नियमानुसार ग्राम पंचायत चुनाव के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा अधिकतम 40 चुनाव चिन्ह निर्धारित किए जाते हैं। लेकिन सूरवाल में 43 उम्मीदवार होने के कारण तीन प्रत्याशियों के लिए सिंबल कम पड़ गए। इस विशेष परिस्थिति को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारियों ने राज्य निर्वाचन आयोग से विशेष अनुमति ली। आयोग की स्वीकृति के बाद तीन अतिरिक्त चुनाव चिन्ह— 'बेंच', 'तकिया' और 'नाव' जारी कर प्रत्याशियों को आवंटित किए गए।

प्रत्याशियों की इतनी बड़ी तादाद का सीधा असर मतपत्र के आकार पर भी पड़ा है। बैलेट पेपर पर 43 उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिन्ह के साथ-साथ 44वें विकल्प के रूप में नोटा को भी शामिल किया गया है। इस कारण बैलेट पेपर सामान्य से कहीं अधिक लंबा (करीब चार फीट और तीन पन्नों तक फैला हुआ) तैयार करना पड़ा है। चुनाव को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर मतपत्रों को संभालने, मतदाताओं को सही तरीके से वोट डालने की प्रक्रिया समझाने और मतपेटियों में लंबे बैलेट पेपर सुरक्षित रखवाने के लिए अतिरिक्त मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है।

वहीं एक ही पंचायत में 43 दावेदारों के मैदान में उतरने से गांव की चौपालों से लेकर चाय की थड़ियों तक चुनावी चर्चाओं का बाजार गर्म है। करीब साढ़े छह हजार मतदाताओं के बीच इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के होने से वोटों के बंटवारे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। एक ओर जहां ग्रामीणों में इस ऐतिहासिक मुकाबले को लेकर खासा उत्साह है तो वहीं लंबे बैलेट पेपर पर अपने पसंदीदा प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिन्ह ढूंढने को लेकर मतदाताओं में थोड़ा असमंजस भी देखने को मिल रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 43 दिग्गजों के इस घमासान में सूरवाल की जनता किसे अपना सरपंच चुनती है।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस