Jaipur News: जयपुर में आयोजित होगा राजीविका का राष्ट्रीय सरस मेला, देशभर की महिलाओं को मिलेगा मंच —मुख्यमंत्री
Jaipur News: जयपुर में आयोजित होगा राजीविका का राष्ट्रीय सरस मेला, देशभर की महिलाओं को मिलेगा मंच —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
आगामी दिसंबर माह में जयपुर में राजीविका के राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन होने जा रहा है, जिसके माध्यम से देशभर की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस आयोजन में प्रदेश की समृद्ध कला से संबंधित स्थानीय उत्पादों को शामिल करने और प्रदेश की राजीविका महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए बैठकें आयोजित कर महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राजीविका और डेयरी विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि ये सेक्टर ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक समृद्धि के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें उत्पाद निर्माण के साथ मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बिक्री के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 25 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत अब तक 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका के बेहतर अवसरों के साथ उनके उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध करवाना जरूरी है। ऐसे में राज्य सरकार महिलाओं के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध करवाने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म विकसित कर रही है। इससे उनके उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी और आय के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने सरस सखी योजना को ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि की दिशा में अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि राजीविका व डेयरी विभाग संयुक्त कार्ययोजना को प्रभावी रूप से लागू करते हुए उत्पादों को एकीकृत विपणन नेटवर्क से जोड़े। वहीं उन्होंने सरस सखियों को संभाग स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।

Comments