Rajasthan News: प्रदेश में मिलावट पहचान के लिये 3 अक्टूबर से चलाया जायेगा, सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान

Rajasthan News: प्रदेश में मिलावट पहचान के लिये 3 अक्टूबर से चलाया जायेगा, सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान 


छोटा अखबार।

प्रदेश में आमजन को सुरक्षित, पौष्टिक और स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करने के लिए ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 3 से 16 अक्टूबर तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का संदेश ‘सुरक्षित खाएं-स्वस्थ रहें-स्थानीय खाएं-मिलावट को हराएं’ रहेगा। 3 अक्टूबर से आयोजित होने वाले इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों, मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब टीमों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और संबंधित संस्थानों के सहयोग से आमजन तक सुरक्षित खान-पान का संदेश पहुंचाया जाएगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान के प्रारंभिक चरण में 3 और 5 अक्टूबर को ‘स्कूल ईट राइट डे’ के तहत स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां होंगी। विद्यार्थियों को स्वस्थ टिफिन, पौष्टिक नाश्ता, श्रीअन्न के उपयोग, हाथ धोने के सही तरीके और खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ने के बारे में जानकारी दी जाएगी। पोस्टर, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं के साथ ‘मास्टर/मिस ईट राइट’ स्टूडेंट एम्बेसडर जैसी गतिविधियां भी होंगी।

उन्होंने बताया कि 6 और 7 अक्टूबर को ‘मिलावट को पहचानो-मिलावट को हराओ’ अभियान के तहत मिलावट के प्रति जागरूक किया जाएगा। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से दूध, घी, तेल, मसाले एवं मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान के आसान तरीकों की जानकारी दी जाएगी। आमजन द्वारा लाए गए खाद्य नमूनों की मौके पर जांच कर उन्हें खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

श्री चतुर्वेदी ने बताया कि 8 और 9 अक्टूबर को ‘हेल्दी राजस्थान-हेल्दी थाली डे’ आयोजित होगा। इसमें स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के साथ कम नमक, कम चीनी और कम तेल के उपयोग का संदेश दिया जाएगा। फल, सब्जियां, दाल, दूध-दही और श्रीअन्न को स्वस्थ थाली का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

आयुक्त ने बताया कि 12 अक्टूबर को ‘रीड द लेबल-ईट राइट, ईट सेफ’ गतिविधियां होंगी। आमजन को पैकेट बंद खाद्य सामग्री खरीदने से पहले एफएसएसएआई लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन नंबर, निर्माण और पैकिंग तिथि, बेस्ट बिफोर/एक्सपायरी डेट, सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी व शाकाहारी/मांसाहारी चिह्न देखने के लिए जागरूक किया जाएगा। यह गतिविधियां अधिक आवाजाही वाले स्थानों जैसे मॉल, प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड आदि पर भी आयोजित की जाएंगी। उन्होने बताया कि 13 और 14 अक्टूबर को ‘ईट राइट कैम्पस डे’ के तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अस्पतालों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। कैंटीन की स्वच्छता, फूड हैंडलर्स का प्रशिक्षण, सुरक्षित पेयजल, हेल्दी व मिलेट मेन्यू और भोजन की बर्बादी रोकने पर विशेष जोर रहेगा।

श्री चतुर्वेदी ने बताया कि 15 और 16 अक्टूबर को ‘फूड वेस्ट-सेव फूड डे’ के तहत होटल, रेस्टोरेंट, कैंटीन, हॉस्टल, मैरिज गार्डन, कैटरिंग प्रतिष्ठानों और स्ट्रीट फूड वेंडर्स को भोजन की बर्बादी रोकने के लिए जागरूक किया जाएगा। इस दौरान ‘उतना ही लें थाली में, जितना व्यर्थ न जाए नाली में’ का संदेश दिया जाएगा। भोजन साझा करने, जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने और खाद्य अपशिष्ट को अलग रखने के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

आयुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए शपथ भी दिलाई जाएगी। इसमें पैकेट बंद खाद्य सामग्री खरीदने से पहले लेबल पढ़ने, भोजन में नमक, तेल और चीनी की मात्रा कम करने, सप्ताह में कम से कम तीन दिन श्रीअन्न का सेवन करने, प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग अथवा शारीरिक व्यायाम करने और भोजन को व्यर्थ नहीं करने का संकल्प शामिल है।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस