Rajasthan News: संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश कर रही कांग्रेस —सरकार

Rajasthan News: संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश कर रही कांग्रेस —सरकार 


छोटा अखबार।

प्रदेश में पिछले चार-पांच दिनों से कांग्रेस द्वारा एसआईआर और निर्वाचन आयोग को लेकर आरोप और प्रदर्शन पर पलटवार करते हुये गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस देश की जनता के सामने झूठ फैलाकर चुनाव आयोग को आरोपित करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर हल्ला मचाया, न्यायिक प्रक्रिया का भी सहारा लिया, लेकिन कांग्रेस की साजिश कामयाब नहीं हुई। अब कांग्रेस अपनी हताशा में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों पर आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। 

इन लोंगो ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारा है, लेकिन कांग्रेस अपनी हार की समीक्षा करने के बजाय चुनाव आयोग, ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और राजनीतिक स्वार्थों के लिए इन संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना और दुष्प्रचार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईवीएम से चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और साफ बताने के बावजूद विपक्षी दल लगातार झूठ और अफवाहों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चरित्र पूरा देश भली-भांति जानता है। यह वही पार्टी है जिसके नेता विदेशों में जाकर भारत की साख और छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए कुटिल चालें चलते हैं। राफेल के मुद्दे पर भी इन्होंने देश के सामने झूठ बोला, जिसके लिए राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट में सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी थी। ऐसे अनेक अवसर आए हैं जब कांग्रेस को अपने झूठ के कारण शर्मिंदगी उठानी पड़ी है, लेकिन इसके बावजूद वे झूठ और भ्रामक प्रचार की राजनीति से बाज नहीं आ रहे हैं।

वहीं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस के धरने-प्रदर्शन को पूरी तरह निराधार व राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार देश की स्वायत्त और संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप लगाकर केवल अपनी नाकामियों और वास्तविक चेहरे को छिपाने की नाकाम कोशिश कर रही है। श्री चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस जिस प्रकार चुनाव आयोग पर तथ्यहीन आरोप मढ़ रही है, वह बेहद निंदनीय है। चुनाव आयोग पहले ही स्पष्ट रूप से कह चुका है कि उनकी ओर से कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। इसके बावजूद धरना-प्रदर्शन आयोजित करना यह साबित करता है कि कांग्रेस देश की संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाने का सुनियोजित कृत्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया कोई नया नहीं है। जब भी कांग्रेस को जनादेश के सामने हार का सामना करना पड़ता है, वह संवैधानिक संस्थाओं पर हमलावर हो जाती है। कभी प्रवर्तन निदेशालय  पर आरोप, कभी चुनाव आयोग पर सवाल, कभी उच्चतम न्यायालय की निष्पक्षता पर अंगुली उठाना तो कभी सीबीआई की साख पर लांछन लगाना कांग्रेस की नियमित कार्यशैली बन चुकी है। लेकिन देश की जनता कांग्रेस के इन हथकंडों को भली-भांति समझ चुकी है और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेगी।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस