C M NEWS: हमारी सरकार केवल घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि समय से धरातल पर भी उतारती है —मुख्यमंत्री
C M NEWS: हमारी सरकार केवल घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि समय से धरातल पर भी उतारती है —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार केवल घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि उन्हें समयबद्ध धरातल पर उतारने का कार्य करती है। इसी क्रम में भरतपुर संभाग को विकास की नई गति देते हुए करीब 453 करोड़ रुपये के 65 बड़े विकास कार्यों का लोकार्पण और 540 करोड़ रुपये के 184 नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधुनिक आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री सोमवार को भरतपुर के बयाना के बिड्यारी में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह का संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भरतपुर को 382 करोड़ रुपये से अधिक के 130 कार्यों, डीग को 358 करोड़ रुपये से अधिक के 24 कार्यों, करौली को 136 करोड़ रुपये से अधिक के 43 कार्यों, सवाई माधोपुर को 74 करोड़ रुपये से अधिक के 46 कार्यों और धौलपुर को 42 करोड़ रुपये से अधिक के 6 विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास की सौगात मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आत्मसात कर राज्य सरकार विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। हमारी सरकार पानी के क्षेत्र में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों को पूरा कर रही है। इसमें दशकों से लंबित यमुना जल समझौता, रामजल सेतु परियोजना, किशाऊ समझौते जैसे ऐतिहासिक कार्य भी है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में भी प्रदेश आत्मनिर्भर बन रहा है। राजस्थान पीएम कुसुम योजना में देशभर में अग्रणी राज्य है। वहीं विद्युत उत्पादन क्षमता में साढ़े 10 हजार मेगावाट की वृद्धि की गई है। वहीं देश की सबसे उन्नत रिफाइनरी में उत्पादन भी चालू हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने की दिशा में बिना पेपरलीक के अब तक 410 परीक्षाओं का आयोजन किया गया है, जिससे 1 लाख 90 हजार पदों पर युवाओं को सरकारी नियुक्तियां मिली हैं। वहीं 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है और सवा लाख पदों का भर्ती कलैंडर जारी किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि में 76 लाख किसानों को 14 हजार 395 करोड़ रुपये व 1 करोड़ से अधिक किसानों को करीब 67 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा, पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। आपातकालीन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए भरतपुर में लगभग 160 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ट्रोमा सेन्टर और एमसीएच अस्पताल का शिलान्यास किया गया है तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के 108 करोड़ रुपये से अधिक के 20 नए कार्यों की नींव और 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया है। वहीं, सड़कों के आधारभूत विकास के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 125 कार्यों का शिलान्यास और 24 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों का लोकार्पण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं-
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बयाना और ब्रज नगर में आधुनिक स्टेडियम के निर्माण और थानाडांग, सूपा और महलपुर चूरा में 33 केवी सब-स्टेशनों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने घाटौली से मैरथा-मिल्समा रोड यूपी बॉर्डर तक सड़क, सामरी मोड़ से सिंघानियां तक सड़क, नगला जलसिंह, नहरौली-सिकंदरा और नगला दीवान के रास्ते पर तीन पुलियाओं के निर्माण की घोषणा की।

Comments