C M NEWS: प्रदेश में गांव और शहरों का समग्र विकास व बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना हमारी प्राथमिकता —मुख्यमंत्री
C M NEWS: प्रदेश में गांव और शहरों का समग्र विकास व बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना हमारी प्राथमिकता —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राज उन्नति की आठवीं सभा में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं और विभिन्न योजनाओं के तहत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए है कि मानसून का सीजन होने के कारण जल भराव, सड़कों का टूटना, बिजली आपूर्ति बाधित होना और दुर्घटनाएं होना जैसी समस्याएं लगातार सामने आती हैं। जिला प्रशासन इन समस्याओं का पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान करे। उनहोने कहा कि गांव-ढाणी से लेकर शहरों का समग्र विकास करते हुए आमजन को बुनियादी सुविधाएं को उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने जिला कलक्टरों को निर्देश दिए कि वे सफाई, पेयजल, सड़क, रोशनी और कचरा संग्रहण सहित आमजन से जुड़ी सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें। इनसे संबंधित किसी भी प्रकार की परिवेदना का प्राथमिकता से निस्तारण करें व कोताही बरतने पर कार्मिक और ठेकेदार पर कार्यवाही करें। अंतर विभागीय समाधान वाली शिकायतों में जिला कलेक्टर प्रभावी विभागीय समन्वय भी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने इन सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन नियोजित करने के लिए भी विशेष रूप से निर्देशित किया।
श्री शर्मा ने जिला कलक्टर्स से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सड़कों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रत्येक नगर निगम को 10 करोड़ रुपये, नगर परिषद को 3 करोड़ रुपये और नगरपालिका को 1 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है। जिला कलक्टर समिति गठित कर आवश्यक सड़क मरम्मत और अन्य कार्य तत्काल करवाएं और आवश्यकतानुसार नालियों, पुलियाओं, सड़क किनारों और अन्य संबंधित आधारभूत सुविधाओं की मरम्मत भी करवाएं। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और मौके पर कार्य की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने व खराब स्ट्रीट लाइट को तत्काल ठीक करवाने के भी निर्देश दिए और वीबी-जी राम-जी की प्रगति की जिला कलेक्टर स्वयं समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इसके अंतर्गत करीब तीन लाख प्लांट लगाए जा चुके हैं। शेष प्लांट भी मार्च 2027 तक लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त परिवादों की वस्तुस्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित परिवादों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्वायत्त शासन और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की सामुदायिक परिवेदनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सड़क के गड्ढे, मैनहोल, स्ट्रीट लाइट की परिवेदनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

Comments