C M NEWS: प्रदेश में 71 पीएम ई-बसों का शुभारंभ, जयपुर-भीलवाड़ा की मिली 24 ई-बस —मुख्यमंत्री
C M NEWS: प्रदेश में 71 पीएम ई-बसों का शुभारंभ, जयपुर-भीलवाड़ा की मिली 24 ई-बस —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ ही डबल इंजन सरकार ग्रीन और क्लीन एनर्जी की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा रही है। जयपुर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में लगभग 3 हजार 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करने के साथ 71 पीएम ई-बसों को रवाना किया गया है। ये विकास कार्य और परियोजनाएं विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को एचसीएम रीपा में प्रदेशवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और प्रदूषण मुक्त भविष्य की मजबूत नींव बन चुकी है। चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार, ऑटो इंडस्ट्री के लिए पीएलआई स्कीम और पीएम ई-ड्राइव जैसी पहल से ईवी इकोसिस्टम सुदृढ़ हो रहा हैं। यही कारण है कि वर्ष 2016 के बाद से देश में ईवी की बिक्री लगभग 46 गुना बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न शहरों के लिए लगभग 3 हजार 500 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कुल 71 पीएम ई-बसों का शुभारंभ भी किया, जिनमें जयपुर और भीलवाड़ा की 24 ई-बसों का जयपुर से और अलवर, अजमेर, जोधपुर, कोटा व उदयपुर की 47 ई-बसों का वर्चुअल शुभारंभ शामिल है।
इस दौरान श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत एक लाख 32 हजार 421 श्रमिकों और उनके आश्रितों को 154 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। श्रमिकों को डिजिटल गैस डिटेक्टर और फायर रेस्क्यू किट वितरित भी किए गए।
वहीं स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। राज्य सरकार जल, विद्युत, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि राजस्थान आने वाले समय में समस्याविहीन और विकसित प्रदेश के रूप में देश में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

Comments