Rajasthan News: करौली जिले के पांचना बांध जल वितरण का 20 वर्ष पुराने विवाद का हुआ समाधान
Rajasthan News: करौली जिले के पांचना बांध जल वितरण का 20 वर्ष पुराने विवाद का हुआ समाधान
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन और राजस्थान सरकार की सकारात्मक पहल से करौली जिले के पांचना बांध जल वितरण को लेकर चल रहा 20 वर्ष पुराना विवाद आखिरकार सुलझ गया है। जयपुर के शिक्षा संकुल में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में दोनों पक्षों के बीच एक ऐतिहासिक लिखित समझौता संपन्न हुआ। इस वार्ता में ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पक्षों ने जनहित को सर्वोपरि मानते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में इस पर सहमति जताई।उल्लेखनीय है कि 2100 एमसीएफटी क्षमता वाले पांचना बांध से लगभग 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जाती है। हालांकि, वर्ष 2006 से ही कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी का प्रवाह बंद था। गुडला सहित क्षेत्र के 21 राजस्व गांवों के ग्रामीण लगातार यह मांग कर रहे थे कि जब तक उन्हें लिफ्ट सिंचाई परियोजना के माध्यम से पानी नहीं मिलता, तब तक नहरों में जल प्रवाह न किया जाए। दो दशकों से लंबित इस मांग पर पूर्व में कोई गंभीर प्रयास नहीं हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट वर्ष 2026-27 में इन 21 राजस्व गांवों के लिए लिफ्ट सिंचाई स्कीम की बड़ी घोषणा की थी। इस फैसले के बाद नहरी तंत्र की मरम्मत के लिए 11.50 करोड़ रुपए स्वीकृत कर कार्य शुरू कराया गया, जो अब पूर्णता की ओर है। जल संसाधन मंत्री रावत ने आश्वासन दिया है कि अगले सात दिनों के भीतर बांध से पानी छोड़े जाने की तारीख तय कर ली जाएगी और टेस्टिंग के लिए शीघ्र ही जल प्रवाह प्रारंभ होगा। उन्होंने दोनों पक्षों की जायज मांगों को पूरा करने और क्षेत्र में सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए त्वरित गति से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Comments