Rajasthan News: राजधानी जयपुर में भी शुरू होगी 'भारत टैक्सी' सेवा —सहकारिता मंत्री
Rajasthan News: राजधानी जयपुर में भी शुरू होगी 'भारत टैक्सी' सेवा —सहकारिता मंत्री
छोटा अखबार।
प्रदेश में आमजन को किफायती, सुगम और सुरक्षित परिवहन का विकल्प देने के लिए जल्द ही अनूठी 'भारत टैक्सी' सेवा की शुरुआत होने जा रही है। सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने घोषणा की है कि जून माह के प्रथम सप्ताह में जयपुर में इस सेवा का शुभारंभ प्रस्तावित है। दिल्ली, लखनऊ, मुंबई और चंडीगढ़ की सफलता के बाद अब इसे पिंक सिटी में उतारा जा रहा है।
सारथी ही होंगे असली मालिक—
अपेक्स बैंक सभागार में आयोजित 'भारत टैक्सी संवाद' कार्यक्रम में चालकों (सारथियों) को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री ने कहा कि यह देश की पहली ऐसी टैक्सी सेवा है जो पूरी तरह सहकारी मॉडल पर आधारित है। इसमें कोई बाहरी व्यक्ति या बड़ी कॉर्पोरेट कंपनी मालिक नहीं होगी, बल्कि टैक्सी चलाने वाले चालक स्वयं इस सेवा के मालिक होंगे। यह पहल प्रधानमंत्री के 'सहकार से समृद्धि' के संकल्प को धरातल पर उतारेगी।
चार मूल स्तंभों पर टिकी सेवा—
यह पूरी व्यवस्था चार मुख्य सिद्धांतों पर काम करेगी:
स्वामित्व: हर चालक कंपनी में बराबर का हिस्सेदार होगा।
सुरक्षा कवच: चालकों और उनके परिवारों को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
सम्मान: चालकों को समाज में 'सारथी' के रूप में एक नया सम्मानजनक स्थान मिलेगा।
लाभांश का समान वितरण: होने वाले मुनाफे का एक बड़ा हिस्सा सीधे चालकों के बीच बंटेगा।
सहकारिता मंत्री ने भरोसा जताया कि यह मॉडल निजी कैब कंपनियों के एकाधिकार को समाप्त करेगा। इससे यात्रियों को वाजिब दाम पर सुरक्षित सफर मिलेगा और चालकों का आर्थिक शोषण बंद होगा। यह सेवा चालकों की आर्थिक उन्नति का एक मजबूत आधार बनेगी और राजस्थान के परिवहन क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।

Comments