Rajasthan News: प्रदेश में 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक संचालित होगा सांस अभियान

Rajasthan News: प्रदेश में 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक संचालित होगा सांस अभियान 


छोटा अखबार।

प्रदेश में 5 वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की रोकथाम, प्रभावी उपचार और समुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक सांस अभियान संचालित किया जाएगा। वहीं 15 से 21 नवम्बर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह भी आयोजित किया जाएगा। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम द्वारा प्रदेशभर में सांस अभियान और राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के प्रभावी क्रियान्वयन व इनसे संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मिशन निदेशक ने बताया कि सांस अभियान और राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान करने के लिए गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में निदेशक आरसीएच की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेशभर के सभी जिलों के जिला प्रजनन व शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला आशा समन्वयक, डीईआईसी समन्वयक, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक और चिकित्सा अधिकारी प्रभारी जुड़े।

निदेशक आरसीएच डॉ. रोमेल सिंह ने बताया कि सांस अभियान के दौरान ‘निमोनिया नहीं तो बचपन सही’ की थीम पर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिला स्तर पर सभी आरसीएचओ को अभियान का शुभारंभ करने के साथ-साथ जिला, ब्लॉक एवं सेक्टर स्तर तक कार्यरत कार्मिकों का आमुखीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अस्पतालों में उपचार प्रोटोकॉल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आवश्यकतानुसार जांच उपकरणों एवं उपचार में काम आने वाली एंटीबायोटिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि आशा सहयोगिनियों द्वारा घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान एवं प्रारंभिक प्रबंधन किया जाएगा। साथ ही संभावित गंभीर मामलों को तत्काल चिकित्सा संस्थान पर रेफर करने, उपचार के बाद फॉलोअप करने तथा समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। परियोजना निदेशक बाल स्वास्थ्य डॉ. प्रदीप चौधरी ने बताया कि गंभीर निमोनिया के दौरान बच्चों में खांसी, तेज सांस चलना, बुखार और स्तनपान अथवा अन्य तरल पदार्थ नहीं पी पाना, उल्टियां होना व दौरे आने जैसे लक्षण सामने आते हैं। बच्चे का अत्यधिक सुस्त या बेहोश होना भी गंभीर निमोनिया के लक्षण हैं। बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी राजकीय अस्पताल या चिकित्सक से संपर्क कर समुचित उपचार करवाना आवश्यक है।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस