Rajasthan News: गांवों में गंदगी देख भड़के —मंत्री मदन दिलावर
Rajasthan News: गांवों में गंदगी देख भड़के —मंत्री मदन दिलावर
छोटा अखबार।
राजस्थान के शिक्षा और पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर रविवार को अलसुबह एक बार फिर अपने चिर-परिचित 'एक्शन मोड' में नजर आए। मंत्री ने एक दर्जन से अधिक गांवों का सघन औचक निरीक्षण किया, जहां पंचायतीराज विभाग की सफाई व्यवस्था की बदहाल तस्वीर देख उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
सफाईकर्मी नदारद, अफसरों को फटकार—
निरीक्षण के दौरान अधिकांश गांवों में सफाईकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले और सड़कों व नालियों में गंदगी के अंबार नजर आए। मंत्री दिलावर ने इस लापरवाही को अक्षम्य बताते हुए मौके पर ही उच्च अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था से जुड़े जो भी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी में कोताही बरत रहे हैं, उनके विरुद्ध तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने दोटूक कहा कि जनता के पैसे का दुरुपयोग और काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्कूलों में नामांकन बढ़ाने का अल्टीमेटम—
सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शिक्षा मंत्री ने स्थानीय सरकारी स्कूलों का भी रुख किया। स्कूलों में कम नामांकन संख्या देख उन्होंने संस्था प्रधानों को आड़े हाथों लिया। दिलावर ने सख्त निर्देश दिए कि गांव की कुल आबादी के अनुपात में सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाया जाए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ हर बच्चे तक पहुंचे। मंत्री ने चेतावनी दी कि जिन स्कूलों में छात्र संख्या संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, वहां के स्टाफ की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनता के बीच पहुंचे मंत्री—
निरीक्षण के दौरान मंत्री दिलावर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए एक प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम बनाया जाए। मंत्री के इस औचक दौरे से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

Comments