Jaipur News: मकान में अचानक आग लगने से युवक की हुई मौत
Jaipur News: मकान में अचानक आग लगने से युवक की हुई मौत
छोटा अखबार।
जयपुर के भांकरोटा एक मकान में अचानक आग लगने से एक युवक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत होने के समचार संज्ञान आया है। हादसा देर रात करीब 2:30 बजे भांकरोटा के कमला नेहरू नगर स्थित गली नंबर 3 में स्थित एक आवासीय मकान में घटित हुआ। हादसे के समय घर में आनंद (28 वर्ष) और उसकी पत्नी सीमा अलग-अलग कमरों में सो रहे थे, जब अचानक आनंद के कमरे में आग भड़क उठी। पुलिस और दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, लेकिन आनंद को बचाया नहीं जा सका। फिलहाल पुलिस आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
![]() |
| AI Photo |
पुलिस के अनुसार आनंद और उसकी पत्नी रोजाना की तरह रात का खाना खाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। रात करीब 2:30 बजे आनंद के कमरे से अचानक धुएं के गुबार और आग की लपटें उठने लगीं। खिड़की और दरवाजों से बाहर निकलती लपटों को देख पड़ोसियों ने शोर मचाया, जिससे दूसरे कमरे में सो रही सीमा की आंख खुली। कमरे का दरवाजा पूरी तरह आग की चपेट में होने के कारण आनंद अंदर ही फंस गया और उसे बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला।
मृतक की पत्नी सीमा ने पुलिस को बताया कि "हम दोनों अलग कमरों में सो रहे थे। रात को अचानक खिड़की टूटने और किसी चीज के फटने की आवाज आई। जब मैं बाहर भागी तो आनंद के कमरे से भयानक लपटें उठ रही थीं। मैंने चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई अंदर नहीं जा सका। आनंद कमरे के भीतर से मदद के लिए चिल्ला रहा था, पर हम बेबस खड़े रहे।
वहीं "मृतक के पिता रामचरण ने बताया कि कमरे में एक पुराना एयर कंडीशनर (AC) लगा हुआ था। आशंका है कि देर रात वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण AC के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे उठी चिंगारी ने सीधे बेड के गद्दे और पर्दों को पकड़ लिया और आनंद को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय निवासियों की सूचना पर भांकरोटा थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही 22 गोदाम और मानसरोवर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियों को तुरंत रवाना किया गया। तंग गली होने के कारण दमकल कर्मियों को पाइप फैलाने में थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन करीब 45 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। जब पुलिस टीम कमरे में दाखिल हुई, तो आनंद का शव पूरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मिला।
पुलिस ने आनंद के शव का पंचनामा करवाकर उसे सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Comments