RGHS NEWS: आरजीएचएस में फर्जीवाड़े पर राज्य सरकार का बड़ा एक्शन, 31 मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त
RGHS NEWS: आरजीएचएस में फर्जीवाड़े पर राज्य सरकार का बड़ा एक्शन, 31 मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर के निर्देशन में राजस्थान सरकार ने राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ी कार्रवाई की है। राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी की जांच रिपोर्ट के आधार पर दवा दावों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर औषधि नियंत्रक विभाग ने राज्य के 31 मेडिकल स्टोरों के औषधि लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त कर दिए हैं।
![]() |
| AI Photo |
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि जांच में कुछ मेडिकल स्टोरों द्वारा चिकित्सकों और लाभार्थियों के साथ मिलीभगत कर फर्जी दावे (क्लेम) प्रस्तुत करने का मामला सामने आया था। कई मामलों में तो डॉक्टरों के फर्जी हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किया गया, जबकि कई जगह औषधियों के स्थान पर गैर-भुगतान योग्य (नॉन-पेबल) वस्तुओं पर भी क्लेम उठा लिया गया। सरकार ने इसे बेहद गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए इन मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध यह कड़ी कार्रवाई की है।
लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई में सबसे गाज जयपुर जिले पर गिरी है, जहां सर्वाधिक 11 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं। इसके अलावा भरतपुर में 9, नागौर और धौलपुर में 2-2, तथा हनुमानगढ़, भीलवाड़ा, सीकर, जोधपुर और अलवर जिले में 1-1 मेडिकल स्टोर का औषधि लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त किया गया है।
शासन सचिव ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा योजना में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने की है। इसके तहत केवल लाइसेंस निरस्त करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं है, बल्कि दोषी स्टोरों से अतिरिक्त भुगतान की वसूली, ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (टीएमएस) का निलंबन, उन्हें डी-पैनल (पैनल से बाहर) करने और अन्य नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई भी लगातार जारी है। सरकार के इस सख्त कदम से फर्जीवाड़ा करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।

Comments