Bikaner News: बीकानेर में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत 22 हजार किलो खाद्य तेल सीज
Bikaner News: बीकानेर में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत 22 हजार किलो खाद्य तेल सीज
छोटा अखबार।
प्रदेश में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने बीकानेर में कार्रवाई करते हुए तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 6 नमूने जांच के लिए लिए गए और बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोदाम मैसर्स लक्ष्मी नारायण भंवर लाल के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां से करीब 22 हजार किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया गया। सीज किए गए तेल में नेपाल में निर्मित ‘CHOICE’ ब्रांड का सनफ्लावर ऑयल और ‘बाबा रामदेव छाप’ सरसों का तेल शामिल है। कार्रवाई के दौरान जांच के लिए खाद्य तेल के तीन नमूने भी लिए गए। ‘CHOICE’ सनफ्लावर ऑयल की लेबलिंग और प्रचार से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
वहीं मैसर्स नागड़ नारायण एग्रो इंडस्ट्रीज का निरीक्षण कर नारियल पेड़ा खाद्य सामग्री का एक नमूना जांच के लिए लिया और रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स श्री बिशनलाल बाबूलाल की निर्माण इकाई का निरीक्षण कर दो खाद्य नमूने लिए गए। इन निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित फर्मों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने कहा कि दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य तेल, घी, मावा, मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रामक लेबलिंग, अनुचित प्रचार और मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के कारोबार पर विभाग की कड़ी नजर है। खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम, 2006 और इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों व विनियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य नमूनों की जांच, खाद्य पदार्थों को सीज करने, लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त करने और प्रकरण की प्रकृति के अनुसार अभियोजन सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण और विक्रय करने व पैकेजिंग और लेबलिंग संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments