C M NEWS: बुजुर्गों की तीर्थाटन की मनोकामना को साकार कर रही राजस्थान सरकार —मुख्यमंत्री
C M NEWS: बुजुर्गों की तीर्थाटन की मनोकामना को साकार कर रही राजस्थान सरकार —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार वृद्धजनों के कल्याण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह संकल्पित होकर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश की 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना' बुजुर्गों के जीवन में तीर्थाटन की मनोकामना को पूरा करने का एक बेहतरीन माध्यम बन चुकी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से अब तक एक लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन कराने की अभिलाषा पूरी की जा चुकी है।मुख्यमंत्री शुक्रवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित 'सोमनाथ यात्रा' शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विशेष वातानुकूलित (एसी) ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें करीब 970 वरिष्ठ नागरिक सोमनाथ, द्वारका और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री ने खुद ट्रेन के भीतर जाकर तीर्थ यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान सर्वोपरि माना गया है। हर व्यक्ति की यह दिली इच्छा होती है कि वह अपने जीवनकाल में पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन करे। राजस्थान सरकार का यह निरंतर प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी बुजुर्ग अपनी इस पवित्र इच्छा से वंचित न रहे।
उन्होंने आगे कहा कि 'डबल इंजन' की सरकार राज्य के प्रमुख आस्था धामों का प्रतिबद्धता के साथ कायाकल्प कर रही है। इसी कड़ी में पुष्कर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा और केशोरायपाटन जैसे बड़े धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विकास कार्य तेज गति से जारी हैं। इस कार्यक्रम के दौरान देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Comments