C M NEWS: मुख्यमंत्री ने भरतपुर में किया रोड शो, कहा बिजली, पानी और रोजगार के लिए हो रहा ऐतिहासिक काम
C M NEWS: मुख्यमंत्री ने भरतपुर में किया रोड शो, कहा बिजली, पानी और रोजगार के लिए हो रहा ऐतिहासिक काम
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को भरतपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में आमजन उमड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं, सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद एवं नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई, जिससे विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ा। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान के लिए केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार के बाद अब निकाय और पंचायतों के जरिये ट्रिपल इंजन की सरकार आवश्यक है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति को बढ़ावा दिया। कांग्रेस के शासन में वर्षों तक जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और विकास की मांगों को केवल चुनावी मुद्दा बनाकर वोट मांगे गए और आचार संहिता के नाम पर विकास कार्यों को ठप रखा गया। लेकिन भाजपा सरकार ने इस संकल्प को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अब देख लें कि कैसे काकाजी ही वन स्टेट, वन इलेक्शन करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमने संकल्प पत्र में युवाओं को 5 साल में 4 लाख सरकारी नौकरी और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का वादा किया था। यह हमारी सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है कि ढाई वर्षों में 1 लाख 89 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वहीं, 1 लाख 22 हजार से अधिक भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 70 हजार नई भर्तियां निकाली जा चुकी हैं। इसी प्रकार निजी क्षेत्र में साढ़े 4 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग जनता को बरगलाने और प्रलोभन देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी लालच या प्रलोभन में नहीं आकर अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दें। जनता को ऐसे लोगों को जवाब देना चाहिए जिन्होंने भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति को बढ़ावा दिया।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए सभी से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने और सभी निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुर सिंह कोली, डॉ. शैलेष सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Comments