C M NEWS: आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध करा रहा सरस
C M NEWS: आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध करा रहा सरस
छोटा अखबार।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डेयरी क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक अनूठी पहल की है। गुरुवार को मुख्यमंत्री अचानक शासन सचिवालय स्थित सरस पार्लर पहुंचे, जहां उन्होंने स्वयं सरस छाछ का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री के इस सादगीपूर्ण कदम ने न केवल वहां मौजूद लोगों को आकर्षित किया, बल्कि आमजन को पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डेयरी क्षेत्र की महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारिता को मजबूती देने का एक बेहद प्रभावी माध्यम है। पशुपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों और पशुपालकों को एक नियमित आय प्राप्त हो रही है, जिससे गांवों में रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने सरस ब्रांड की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से जनता को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो जन-स्वास्थ्य के लिए बेहतरीन हैं।
दौरे के दौरान श्री शर्मा ने पूरे सरस पार्लर परिसर का बारिकी से अवलोकन किया और वहां उपलब्ध विभिन्न दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता व विपणन के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होने पार्लर के कार्मिकों और वहां मौजूद आम जनता से बेहद आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को जाना और उनके समर्पण की सराहना की। इस औचक भ्रमण से सचिवालय परिसर में भारी उत्साह देखा गया। मुख्यमंत्री की इस पहल को राज्य में पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।

Comments