Rajasthan News: चंबल नदी में अवैध बजरी खनन पर प्रभावी कार्रवाई करें जिला कलेक्टर और विभाग —मुख्य सचिव
Rajasthan News: चंबल नदी में अवैध बजरी खनन पर प्रभावी कार्रवाई करें जिला कलेक्टर और विभाग —मुख्य सचिव
छोटा अखबार।
चंबल नदी में अवैध बजरी खनन की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के संबंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को शासन सचिवालय में आयोजित स्टेट लेवल कॉर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में संबंधित विभागों और जिला कलेक्टर को प्रभावी व समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि चंबल नदी में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
मुख्य सचिव ने चंबल नदी क्षेत्र में स्थापित पेट्रोलिंग पोस्ट्स का नियमित निरीक्षण और प्रभावी सुपरविजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं वैकल्पिक निर्माण सामग्री के रूप में एम-सैंड नीति को बढ़ावा देने के लिए समीक्षा कर इसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए। उन्होने अरण्य भवन में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए, जिसके माध्यम से चंबल नदी के 40 अति संवेदनशील स्थानों की निरंतर निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था अभय कमांड सेंटर की तर्ज पर विकसित की जाए और इन स्थानों पर निगरानी व्यवस्था की साप्ताहिक समीक्षा भी सुनिश्चित हो ताकि अवैध खनन की गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
श्री श्रीनिवास निर्देश दिए कि अवैध बजरी खनन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध केवल चालान तक सीमित न रहते हुए प्रकरण की प्रकृति और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार चार्जशीट दायर करने सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। बैठक में करौली, कोटा, बूंदी, धौलपुर व सवाई माधोपुर जिलों उपवनसंरक्षक ने डिटेल प्रेजेंटन के माध्यम से इन जिलों में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित स्पेशल टास्क फोर्स द्वार किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।

Comments