C S News: मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए —मुख्य सचिव
C S News: मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए —मुख्य सचिव
छोटा अखबार।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के सुदृढ़ीकरण के लिए समीक्षा की। प्रसव पूर्व देखभाल, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की समय पर पहचान और प्रबंधन, नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्री श्रीनिवास ने गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा में प्रसव पूर्व देखभाल सेवाओं, एचआरपी की पहचान और प्रबंधन, मातृ मृत्यु, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, दवाओं व सर्जिकल आइटम्स की उपलब्धता और रेफरल परिवहन सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षकों, गायनी विभागाध्यक्षों, संयुक्त निदेशकों और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों से चर्चा कर फीडबैक लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) सेवाएं उपलब्ध कराना और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका उचित उपचार व फॉलोअप सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। अक्टूबर माह में 11,928 एएनसी पंजीकरण दर्ज किए गए और 6,175 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को एएनसी कवरेज प्रदान किया गया। उन्होंने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को माह में दो बार समीक्षा कर एचआरपी की पहचान, प्रबंधन और फॉलोअप की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर (ओटी) के निर्माण और पुराने ऑपरेशन थियेटर्स को मॉड्यूलर ओटी में अपग्रेड करने के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के अनुसार, वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 35 मेडिकल कॉलेजों में मॉड्यूलर ओटी का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने नए मॉड्यूलर ओटी के निर्माण और पुराने ओटी के अपग्रेडेशन के लिए प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होने मेडिकल कॉलेजों और अन्य अस्पतालों में दवाओं और सर्जिकल आइटम्स की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं एवं सर्जिकल आइटम्स की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए संचालित 104 जननी एक्सप्रेस व आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा 108 की उपलब्धता की समीक्षा की। 19 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इन सेवाओं के माध्यम से कुल 39,436 ट्रिप दर्ज किए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रेफरल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें आवश्यक उपचार के लिए उचित स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाने में देरी न हो।

Comments