Jodhpur News: कांग्रेस के लोग देख लें, अब काकाजी ही करवा रहे हैं वन स्टेट-वन इलेक्शन -मुख्यमंत्री
Jodhpur News: कांग्रेस के लोग देख लें, अब काकाजी ही करवा रहे हैं वन स्टेट-वन इलेक्शन -मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जालोरी गेट चौराहे से घंटाघर तक रोड शो किया, जिसमें जनसैलाब उमड़ा। उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन की सरकार विकास के ऐतिहासिक काम कर रही है। ढाई साल के कार्यकाल में संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए गए हैं। अब नगर निकाय चुनावों के लिए भी संकल्प पत्र जारी किया गया है, जिसे हमारी सरकार पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ढाई साल में हमारी सरकार ने वर्षों से लंबित कार्यों को धरातल पर लाने का काम किया है। ईआरसीपी और यमुना जल समझौते को साकार किया, आईजीएनपी और गंगनहर के लिए पर्याप्त बजट दिया। उन्होंने कहा कि ढाई साल में सभी विधायकों को विकास के लिए पर्याप्त बजट दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में राजस्थान में लूट और झूट की दुकान चलती थी। गहलोत सरकार में युवाओं के हितों के साथ कुठाराघात हुआ। प्रदेश में गैंगस्टर्स का डर था। निकाय और पंचायत चुनाव कराने में इन्होंने दो साल का वक्त लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस ढाई साल बनाम पांच साल के आंकड़ों पर जवाब नहीं दे पाई और इनके लोग सदन छोड़कर चले गए। कांग्रेस के मंत्री भी जेल में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सरकार में आते ही वन स्टेट-वन इलेक्शन कराने की बात कही। इस पर कांग्रेस के लोग तंज कसते थे। आज कांग्रेस के लोग देख लें काकाजी ही वन स्टेट-वन इलेक्शन करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक माफिया जेल में है। प्रदेश में जितने भी पेपर हुए हैं, एक भी लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास के काम कर रही है। नगर निकायों का ट्रिपल इंजन जुड़ते ही विकास के काम निचले स्तर तक तेजी से पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित जोधपुर, विकसित राजस्थान और विकसित भारत बनेगा। रोड शो में मुख्यमंत्री के साथ केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक अतुल भंसाली, विधायक देवेन्द्र जोशी सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments