Jaipur News: जयपुर में फिर 'कच्छा-बनियान गिरोह' की दस्तक, सीसीटीवी फुटेज वायरल होने से लोगों में दहशत
Jaipur News: जयपुर में फिर 'कच्छा-बनियान गिरोह' की दस्तक, सीसीटीवी फुटेज वायरल होने से लोगों में दहशत
छोटा अखबार।
गुलाबी नगरी जयपुर में एक बार फिर कुख्यात 'कच्छा-बनियान गिरोह' की आहट से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। इस बार शहर के सांगानेर स्थित सूर्या नगर (तारों की कूट) इलाके से एक हैरान करने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में करीब आधा दर्जन हथियारबंद संदिग्ध बदमाश देर रात कम कपड़ों में गलियों में घूमते और घरों की रेकी करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
![]() |
| AI Photo |
जागने पर भागे बदमाश, पुलिस के हाथ अब भी खाली—
शुक्रवार देर रात इन हथियारबंद बदमाशों ने सूर्या नगर में खिड़की-दरवाजे खोलकर एक मकान में घुसने का प्रयास किया था। हालांकि, गली के कुत्तों के भौंकने और घर के लोगों के जाग जाने के कारण बदमाश वारदात को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय सांगानेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि सब कुछ कैमरे में कैद होने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है।
2023 की यादें हुईं ताजा, रातभर पहरा देने को मजबूर लोगइस नए वीडियो ने स्थानीय लोगों के मन में पुराना खौफ पैदा कर दिया है। इससे पहले 21 जुलाई 2023 की रात को भी करधनी के गोकुलपुरा इलाके में इस गिरोह ने भारी उत्पाद मचाया था। उस समय भी बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए थे, लेकिन पुलिस उन्हें दबोचने में पूरी तरह फेल रही थी। उस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण कई कॉलोनियों के युवाओं को खुद लाठियां लेकर रात-रात भर जागना पड़ा था और पहरा देने के लिए टीमें बनानी पड़ी थीं।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश—
घटना की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को रात की गश्त बढ़ाने और सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात करने के कड़े निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आमजन से रात में घरों को पूरी तरह लॉक रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने की अपील की है।

Comments