C M NEWS: जयपुर को देश का मॉडल शहर बनाने के लिए मिशन मोड पर काम करें विभाग —मुख्यमंत्री
C M NEWS: जयपुर को देश का मॉडल शहर बनाने के लिए मिशन मोड पर काम करें विभाग —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के सुव्यवस्थित विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। उन्होंने राजधानी को देश के एक मॉडल शहर के रूप में विकसित करने का आह्वान करते हुए सभी संबंधित विभागों को एक समन्वित कार्ययोजना के तहत मिशन मोड पर काम करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर जयपुर के विकास, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में विभिन्न विभागीय अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ करना होगा। इसके लिए उन्होंने कचरा संग्रहण, उसके परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण (वेस्ट मैनेजमेंट) के लिए एक बेहतर व प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसे धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को अनुशासित बनाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खुले में कचरा फेंकने वालों और गंदगी फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। इसके लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और इसमें सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) और भामाशाहों को सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर बल देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अब मशीनीकृत सफाई व्यवस्था (Mechanized Cleaning) को तेजी से बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि सफाई कार्यों में मैनुअल व्यवस्था पर निर्भरता को कम किया जा सके। बैठक में नगरीय विकास और स्वायत्त शासन विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments