Rajasthan News: सहकारी गोदामों के निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करें -डॉ. समित शर्मा
Rajasthan News: सहकारी गोदामों के निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करें -डॉ. समित शर्मा
छोटा अखबार।
राजस्थान के सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि राज्य में निर्मित हो रहे गोदामों का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक की मंशा के अनुरूप इन गोदामों का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।
बुधवार को शासन सचिवालय में आयोजित खण्डीय और इकाई अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि गोदामों के समुचित उपयोग से सहकारी समितियों की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ होगी और किसानों को स्थानीय स्तर पर भंडारण की सुविधा मिलेगी। उन्होंने 'विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना' के तहत निर्माणाधीन 500, 250 और 100 मीट्रिक टन क्षमता के गोदामों की स्वीकृतियां जल्द जारी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
भूमि आवंटन और कस्टम हायरिंग सेंटर पर जोर—
बैठक के दौरान शासन सचिव ने गोदाम निर्माण के लिए लंबित भूमि आवंटन प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने 'कस्टम हायरिंग सेंटर्स' (CHC) की स्थापना की समीक्षा करते हुए कहा कि इन केंद्रों पर कृषि उपकरणों की खरीद ग्रामीणों की आवश्यकता के आधार पर जनसहभागिता से की जाए। उन्होंने उपकरणों की सुरक्षा और उनके प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए ताकि सीमांत किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सके।
सहकारी समितियों का होगा कायाकल्प—
डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड विजिट कर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर न केवल भंडारण क्षमता बढ़ाई जाएगी, बल्कि समितियों को व्यावसायिक रूप से आत्मनिर्भर भी बनाया जाएगा। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं वीसी के माध्यम से जिलों के जिला दुग्ध संघ एवं सहकारी बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments