C M NEWS: खाट पर सरकार, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
C M NEWS: खाट पर सरकार, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
छोटा अखबार।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सादगी और जनसंवाद की एक नई मिसाल पेश की। अपने प्रतापगढ़ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के बम्बोरी गांव में न केवल रात्रि प्रवास किया, बल्कि देर रात तक 'ग्राम विकास चौपाल' लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके सुझाव लिए।
खाट पर बैठकर आत्मीय संवाद—
एक जननायक की भूमिका में नजर आए मुख्यमंत्री ने गांव की चौपाल पर साधारण खाट पर बैठकर महिलाओं, किसानों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खेती-किसानी, सिंचाई, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और जनजाति विकास जैसे महत्वपूर्ण स्थानीय विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का फीडबैक भी लिया।
महिला सशक्तिकरण पर जोर—
चौपाल में मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि कैसे 'लखपति दीदी', 'कृषि सखी' और 'बैंक सखी' जैसी योजनाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 21 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 16 लाख से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' की श्रेणी में आ चुकी हैं। उन्होंने इन महिलाओं से अपील की कि वे समाज और सरकार के बीच कड़ी बनकर अन्य महिलाओं को भी स्वावलंबन से जोड़ें।
युवाओं और किसानों से चर्चा—
संवाद के दौरान किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीक, ड्रिप सिंचाई और प्राकृतिक खेती को लेकर अपने सुझाव दिए, वहीं युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में बरती जा रही पारदर्शिता और रोजगार के नए अवसरों के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर वर्ग के सुझावों को ध्यान में रखकर प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पबद्ध है।

Comments