NEWS: नीट धांधली और पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर छात्र आक्रोश, सांसद बेनीवाल का खुला समर्थन
NEWS: नीट धांधली और पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर छात्र आक्रोश, सांसद बेनीवाल का खुला समर्थन
छोटा अखबार।
देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और नीट प्रवेश परीक्षा में हुई कथित धांधली के विरोध में राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर छात्रों का आंदोलन बेहद उग्र हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी और विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्व में चल रहे इस जनआंदोलन को अब बड़ा राजनीतिक समर्थन भी मिल गया है। राजस्थान के नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल ने धरने पर बैठे छात्रों के बीच पहुंचकर आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है।
संसद की सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के तुरंत बाद सांसद हनुमान बेनीवाल सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी युवाओं के साथ मंच साझा करते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। बेनीवाल ने मंच से सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि देश के नौजवानों और छात्रों के सुनहरे भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 20 जुलाई को प्रस्तावित 'संसद मार्च' से ठीक पहले बेनीवाल की इस मौजूदगी ने दिल्ली से लेकर राजस्थान तक के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
दूसरी ओर, आंदोलनकारी छात्रों और CJP के पदाधिकारियों ने आज ही जंतर-मंतर से संसद भवन तक एक शांतिपूर्ण 'संसद मार्च' निकालने की हुंकार भरी है। इस बड़े ऐलान को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जंतर-मंतर और लुटियंस दिल्ली को जोड़ने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों को संसद की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए इलाके में धारा 163 (पुरानी धारा 144) लागू कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनातियां की गई हैं, जिससे जंतर-मंतर छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।

Comments