C M NEWS: प्रदेश में 'ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों' की अवधि अब 31 अगस्त तक —मुख्यमंत्री
C M NEWS: प्रदेश में 'ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों' की अवधि अब 31 अगस्त तक —मुख्यमंत्री
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है। प्रदेश की आम जनता, विशेषकर वंचित और गरीब वर्ग को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ पहुंचाने के लिए अब 'ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों' की अवधि को बढ़ाकर 31 अगस्त तक कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि शिविरों में आने वाले हर पात्र व्यक्ति का काम समय पर पूरा हो।
मुख्यमंत्री शर्मा ने सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि शिविरों में लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाया जाए। यदि किसी तकनीकी या विधिक कारण से किसी आवेदक का काम नहीं हो पा रहा है, तो उसे स्पष्ट और संतोषजनक कारण बताया जाए ताकि जनता को बेवजह परेशान न होना पड़े। जवाबदेही तय करने के लिए मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया है।
इस बार शिविरों की व्यवस्था को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, अब शिविरों से लाभान्वित होने वाले सभी नागरिकों के विवरण, उनके मोबाइल नंबर सहित दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही, सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर जनता के क्या अनुभव रहे, इसका फीडबैक भी रिकॉर्ड किया जाएगा। यह डेटा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और भविष्य की रणनीति तैयार करने में सहायक होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए फील्ड अधिकारियों से सीधे संवाद करने की बात कही है। उन्होंने उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदानी स्तर पर काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित सुझाव लिए जाएं। इन सुझावों के आधार पर शिविरों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुगम, सरल और जन-अनुकूल बनाया जाएगा ताकि कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति तक शासन का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंच सके।

Comments