C M NEWS: डेगाना में बोले सीएम भजनलाल: 'किसानों को समृद्ध बनाकर ही संभव है देश-प्रदेश का समग्र विकास
C M NEWS: डेगाना में बोले सीएम भजनलाल: 'किसानों को समृद्ध बनाकर ही संभव है देश-प्रदेश का समग्र विकास
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि किसानों को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाकर ही देश और प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। विपरीत परिस्थितियों और प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद किसान नई उम्मीद के साथ मेहनत करता है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को डेगाना के तिलानेश गांव में आयोजित 'ग्राम विकास चौपाल' में किसानों, पशुपालकों और युवाओं से संवाद कर रहे थे।
कृषि क्षेत्र में आए बड़े बदलाव—
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के कृषि क्षेत्र में व्यापक और महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। वर्तमान सरकार की नीतियों और योजनाओं में किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी पहलों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदली है।
आधुनिक तकनीक और प्रोसेसिंग यूनिट पर जोर—
सीएम ने युवाओं को खेती से जोड़ने के लिए इसे सम्मानजनक और लाभदायक व्यवसाय बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक तकनीक और वित्तीय सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रोसेसिंग यूनिट्स भी स्थापित की जा रही हैं।
प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान—
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने पारंपरिक खेती के साथ-साथ प्राकृतिक कृषि और आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया, ताकि उत्पादन के साथ-साथ किसानों की आय में भी बढ़ोतरी हो सके।

Comments