Kota News: कोटा ग्रामीण में तार चोरी रेकेट का पर्दाफाश: 5 गिरफ्तार, 1200 किलो बिजली तार बरामद

Kota News: कोटा ग्रामीण में तार चोरी रेकेट का पर्दाफाश: 5 गिरफ्तार, 1200 किलो बिजली तार बरामद


छोटा अखबार।

कोटा ग्रामीण पुलिस ने खेतों में लगे बिजली के खंभों से 33 केवी और 11 केवी विद्युत लाइन के तार काटकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है। गि


रोह के मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों और कबाड़ियों के कब्जे से 1200 किलोग्राम से अधिक बिजली के तार सहित एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से कोटा ग्रामीण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज तार चोरी की 77 वारदातों का खुलासा हुआ है। प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य आपस में मिलकर पिछले छह महीनों में 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस को बारां जिले के कुछ थाना क्षेत्रों में भी इसी गिरोह से संबंधित वारदातों की आशंका है। इस संबंध में अनुसंधान जारी है।

खेतों में लगे बिजली के खंभों से लगातार तार चोरी होने के कारण किसानों को सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और बिजली विभाग को तारों की दोबारा व्यवस्था करने, कर्मचारियों को मौके पर भेजने और मरम्मत कार्यों में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा था। लगातार बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और वृत्ताधिकारी अरुण कुमार के सुपरविजन में विशेष टीमें गठित की गईं। कैथून और सीमलिया थाना पुलिस के साथ साइबर सेल तथा जिला विशेष टीम को भी कार्रवाई में शामिल किया गया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए। टोल प्लाजा, हाईवे और एक्सप्रेस-वे के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। पुराने चालानशुदा अपराधियों, कबाड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से करीब एक महीने तक लगातार प्रयास किए गए, जिसके बाद पुलिस गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने में सफल रही।

अनुसंधान में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग समूहों में काम करते थे और जरूरत पड़ने पर आपस में मिलकर वारदात करते थे। इनमें पूरण बागरी, गोलू बागरी और सुल्तान बागरी को प्रमुख आरोपी बताया गया है। चोरी किए गए तारों को बेचने के लिए कोटा और बारां क्षेत्र के कबाड़ियों से संपर्क किया जाता था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी पहले दिन में खेतों और रास्तों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय वाहन से मौके पर पहुंचकर बिजली की आपूर्ति की स्थिति जांचते और तार काटकर चोरी कर लेते थे। गिरोह के सदस्य चोरी किए गए तारों को एकत्र कर वाहन में लादते और कबाड़ियों तक पहुंचा देते थे। तारों को कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस ने गिरोह के सरगना पूरण बागरी, उसके सहयोगी गोलू बागरी  निवासी कैथून और सुल्तान बागरी निवासी सीसवाली के साथ चोरी का माल खरीदने के आरोप में कोटा निवासी कबाड़ी शफीक मोहम्मद और जाहिद मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ और गहन अनुसंधान के आधार पर चोरी की अन्य वारदातों और माल खरीदने वाले व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में तार चोरी की वारदातें कोटा ग्रामीण जिले के सीमलिया, कैथून, देवली मांझी और दीगोद थाना क्षेत्रों में सामने आई हैं। इसके अलावा बारां जिले के अंता, बारां सदर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी वारदातों की जानकारी मिली है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस