Jaipur News: जयपुर में 'विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस' का आयोजन सम्पन्न
Jaipur News: जयपुर में 'विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस' का आयोजन सम्पन्न
छोटा अखबार।
राजस्थान सरकार और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 'विदेश संपर्क-स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस' का आयोजन संपन्न हुआ। राज्य में पहली बार आयोजित हुए इस उच्च स्तरीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को सुरक्षित और वैध तरीके से विदेश भेजने और फर्जी रिक्रूटमेंट एजेंटों के जाल से बचाना था। कार्यक्रम में मुख्य रूप से 'राजस्थानी विदेश सुरक्षित जाएं, प्रशिक्षित जाएं' के नारे और संकल्प के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
सम्मेलन की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन और राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने की। इस दौरान महानिदेशक पुलिस राजीव शर्मा और प्रवासी राजस्थानी मामले विभाग व उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल सहित गृह विभाग और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राजस्थान फाउंडेशन और डोरा इस महत्वपूर्ण आयोजन के नोडल विभाग थे।
सम्मेलन में विभिन्न सत्रों के दौरान फर्जी एजेंटों और अवैध प्रवासन (कबूतरबाजी) के तौर-तरीकों की रोकथाम के लिए एक मजबूत प्रशासनिक व कानूनी मैकेनिज्म तैयार करने पर गहन मंथन हुआ। अधिकारियों ने ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में जागरूकता अभियानों के विस्तार की आवश्यकता बताई, ताकि रोजगार या शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले युवाओं को धोखाधड़ी से बचाया जा सके।इसके साथ ही, विदेश मंत्रालय की पासपोर्ट, वीजा, वाणिज्य दूतावास सेवाओं और विदेशों में कार्यरत भारतीय श्रमिकों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। सम्मेलन में अधिकृत रिक्रूटमेंट एजेंटों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्थान फाउंडेशन के 40 वैश्विक चैप्टरों के अध्यक्षों ने भी भाग लिया, जिससे प्रवासी राजस्थानियों के साथ राज्य के संबंधों को और मजबूती मिली।

Comments