Jaipur News: RSS प्रचारक से मारपीट, SHO सहित 7 पर केस दर्ज, 6 पुलिसकर्मी निलंबित

Jaipur News: RSS प्रचारक से मारपीट, SHO सहित 7 पर केस दर्ज, 6 पुलिसकर्मी निलंबित


छोटा अखबार।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सांभर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ नरैना थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा बेरहमी से मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर रविवार को संघ स्वयंसेवकों और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता नरैना थाने पहुंच गए, जिससे पूरे दिन थाने में भारी तनाव और हंगामा बना रहा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) हनुमान प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं थाना प्रभारी के खिलाफ निलंबन की अनुशंसा उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी समेत 7 पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

गश्त के दौरान हुई कहासुनी के बाद थाने में बर्बरता का आरोप—

संघ के नरैना खंड कार्यवाह अनुराग आगीवाल द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, यह पूरी घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की है। जिला प्रचारक कृष्ण अवतार नरैना क्षेत्र में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान वहां गश्त कर रहे नरैना थाने के पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिसकर्मी जबरन जिला प्रचारक को गाड़ी में डालकर थाने ले आए। आरोप है कि थाने के भीतर पुलिसकर्मियों ने जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान पुलिसकर्मियों ने संघ और जिला प्रचारक की पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर अभद्र, अपमानजनक और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। बेरहमी से हुई इस पिटाई के कारण जब थाने में ही जिला प्रचारक की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश होने लगे, तो पुलिसकर्मी उन्हें एक स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर गए। वहां उन्हें एक इंजेक्शन लगवाया गया और जैसे ही जिला प्रचारक को दोबारा होश आया, पुलिसकर्मियों ने उनके साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी। चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मामले में 6 निलंबित, सीओ दूदू को जांच सौंपी—

बढ़ते आक्रोश और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद नरैना थाने पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायकों और संघ के पदाधिकारियों से लंबी चर्चा की और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया। एसपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सहायक थाना प्रभारी ओंकार सिंह, कॉन्स्टेबल रमेशचंद, कुलदीप, महिपाल, विनोद और अजय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं थाना प्रभारी (SHO) उमराव सिंह के निलंबन के लिए पुलिस महानिदेशक (DGP) को आधिकारिक अनुशंसा पत्र भेज दिया गया है।

इस मामले में इन सभी सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ नरैना थाने में ही विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी पूरी जांच दूदू के पुलिस वृत्त अधिकारी (CO) अनुपम मिश्रा को सौंप दी गई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा गया है।

Comments

Popular posts from this blog

सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग फेल, रुपयों में छपवानी पड़ रही है, बजट घोषणा की प्रेस विज्ञप्ती

देश में 10वीं बोर्ड खत्म, अब बोर्ड केवल 12वीं क्‍लास में

आज शाम 7 बजे व्यापारी करेंगे थाली और घंटी बजाकर सरकार का विरोध

रीको में 238 पदों की होगी सीधी भर्ती सरकार के आदेश जारी 

ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को मिलेगा रोजगार

फ़ार्मा कंपनियां डॉक्टरों को रिश्वत में लड़कियां उपलब्ध कराती हैं — प्रधानसेवक

मौलिक अधिकार नहीं है प्रमोशन में आरक्षण — सुप्रीम कोर्ट

10वीं और 12वीं की छात्राओं के लिऐ खुशखबरी, अब नहीं लगेगी फीस