Rajasthan News: उदयपुर में सड़क हादसा: ओवरटेक के चक्कर में महिला समेत 3 की मौत, 16 से अधिक घायल
Rajasthan News: उदयपुर में सड़क हादसा: ओवरटेक के चक्कर में महिला समेत 3 की मौत, 16 से अधिक घायल
छोटा अखबार।
उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन हाईवे पर बुधवार शाम सड़क हादसा की घटना सामने आई है। जानकार के अनुसार खेरोदा थाना क्षेत्र के मेनार डाक बंगला के समीप सवारियों से भरी एक निजी बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में एक कंटेनर से टकरा गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया । इस हादसे में दो पुरुषों और एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 4 यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस मंगलवाड़ से उदयपुर की तरफ जा रही थी। करीब 4 बजे जब बस मेनार डाक बंगला के पास पहुंची, तो बस चालक ने तेज गति में आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस असंतुलित होकर सामने से आ रहे कंटेनर से सीधे जा भिड़ी। उनका कहना है कि हादसा पूरी तरह से बस चालक की लापरवाही और अत्यधिक तेज गति के कारण हुआ। हादसे की चीख-पुकार सुन स्थानीय लोग वहां पहुंचे और मदद की। ग्रामीणों ने बस की खिड़कियों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को तोड़कर घायल यात्रियों को बाहर निकाला वहीं हादसे की सूचना पर खेरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया। थानाधिकारी पाटीदार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों ने अपनी जान गंवाई है। पुलिस ने शवों को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतकों में से दो पुरुषों की पहचान हो चुकी है, जिनमें भगवान लाल डांगी निवासी शोभागपुरा, और बंशीलाल टेलर निवासी पहाड़ा शामिल हैं। वहीं देर शाम तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके लिए पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी चिकित्सालयों में पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 4 गंभीर रूप से घायल यात्रियों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उच्च इलाज के लिए उदयपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिससे अस्पतालों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। सिक्सलेन हाईवे के बीचों-बीच हुई इस भीषण भिड़ंत के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे जाम रहा।

Comments