RU NEWS: पानी की किल्लत पर भड़के छात्र, HOD के केबिन से फ्रिज निकाल गैलरी में रखा
RU NEWS: पानी की किल्लत पर भड़के छात्र, HOD के केबिन से फ्रिज निकाल गैलरी में रखा
छोटा अखबार।
राजस्थान यूनिवर्सिटी की सेंट्रल लाइब्रेरी में तपती गर्मी के बीच छात्रों को ठंडा पानी न मिलने का गंभीर मुद्दा मंगलवार को भारी विवाद में बदल गया। भीषण गर्मी और यूनिवर्सिटी प्रशासन की लापरवाही से आक्रोशित छात्रों ने एक चौंकाने वाला कदम उठाया। छात्र नेताओं ने लाइब्रेरी के हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) राजेश पूनिया के केबिन में रखा डबल डोर फ्रिज बाहर निकाल लिया और उसे आम विद्यार्थियों के उपयोग के लिए गैलरी में रखवा दिया।
बदहाली देख भड़के छात्र—
जानकारी के अनुसार, सेंट्रल लाइब्रेरी में पिछले कई दिनों से पीने के ठंडे पानी की व्यवस्था ठप थी। छात्र लगातार इसकी शिकायत कर रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। मंगलवार को शिकायत मिलने पर छात्र नेता शुभम रेवाड़ के नेतृत्व में दर्जनों छात्र लाइब्रेरी परिसर पहुंचे। जब छात्रों ने वहां पानी के पुख्ता इंतजाम नहीं देखे और अव्यवस्था पाई, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।
HOD के केबिन से निकाला फ्रिज—
नाराज छात्रों ने विरोध जताते हुए सीधे HOD राजेश पूनिया के केबिन का रुख किया। छात्रों ने देखा कि जहां आम छात्र बूंद-बूंद ठंडे पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं अधिकारी के केबिन में डबल डोर फ्रिज चल रहा था। छात्र नेता शुभम रेवाड़ और अन्य छात्रों ने तुरंत उस फ्रिज को केबिन से बाहर निकाल लिया। छात्रों ने इस फ्रिज को लाइब्रेरी की मुख्य गैलरी में रखवा दिया ताकि वहां पढ़ने वाले आम विद्यार्थी ठंडे पानी का इस्तेमाल कर सकें।
प्रशासन को चेतावनी—
छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ₹1100 लाइब्रेरी फीस देने के बाद भी छात्र इस भीषण गर्मी में गर्म पानी पीने को मजबूर हैं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लाइब्रेरी में नए वाटर कूलर और आरओ (RO) सिस्टम नहीं लगवाए गए, तो वे कुलपति सचिवालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे।

Comments