C S NEWS: मुख्य सचिव ने पीएम गति शक्ति राज्य मास्टर प्लान की कि समीक्षा, परियोजनाओं का होगा समग्र विकास
C S NEWS: मुख्य सचिव ने पीएम गति शक्ति राज्य मास्टर प्लान की कि समीक्षा, परियोजनाओं का होगा समग्र विकास
छोटा अखबार।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में गुरुवार को शासन सचिवालय में पीएम गति शक्ति राज्य मास्टर प्लान के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पीएम गति शक्ति पोर्टल पर जीआईएस आधारित डेटा अपलोड करने, डेटा लेयर्स की मैपिंग और परियोजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पोर्टल पर उपलब्ध डेटा को अधिक उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सभी आवश्यक लेयर्स की मैपिंग प्राथमिकता से पूरी की जाए। श्री श्रीनिवास ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व भूमि की मैपिंग करते समय केवल भूमि का स्थान ही नहीं, बल्कि भूमि की किस्म सहित अन्य महत्वपूर्ण संबंधित विवरण भी पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएं। इससे विभागों को अपनी परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि चयन में सुविधा होगी और योजना अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकेगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजना है। परियोजनाओं की योजना बनाते समय विभिन्न विभागों के पास संबंधित क्षेत्र की समग्र और अद्यतन जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश में संभावित इन्फ्रास्ट्रक्चर गैप्स की पहचान, उनका विश्लेषण और मैपिंग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के डेटा को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने से परियोजनाओं की आवश्यकता, उपलब्ध संसाधनों और कनेक्टिविटी से संबंधित कमियों की बेहतर पहचान की जा सकेगी।
समीक्षा में बताया गया कि राज्य के पीएम गति शक्ति पोर्टल पर केंद्र सरकार की 29 अनिवार्य लेयर्स और राज्य सरकार द्वारा चिन्हित 23 अतिरिक्त लेयर्स की मैपिंग की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 11 अन्य लेयर्स भी मैप की गई हैं। इससे विभिन्न विभागों को परियोजनाओं की योजना और क्रियान्वयन के लिए एकीकृत भू-स्थानिक जानकारी उपलब्ध हो रही है।
इस दौरान पीएम गति शक्ति डिस्ट्रिक्ट मास्टर प्लान की प्रगति की भी जानकारी दी गई। इसके तहत बारां जिले द्वारा मास्टर प्लान तैयार किया जा चुका है, जबकि धौलपुर, सिरोही, करौली और जैसलमेर जिलों में मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। जिला स्तर के मास्टर प्लान में स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल, विद्युत और सड़क सहित विभिन्न सामाजिक व बुनियादी सुविधाओं से संबंधित डेटा को शामिल किया जा रहा है।
आपको बतादें कि पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान जीआईएस आधारित एकीकृत प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के डेटा को एक मंच पर उपलब्ध कराकर बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समग्र और समन्वित योजना में सहायता करना है। प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध भू-स्थानिक डेटा, सैटेलाइट इमेजरी और विभिन्न डिजिटल प्रणालियों के एकीकरण के माध्यम से परियोजनाओं की प्लानिंग, निगरानी, कनेक्टिविटी का आकलन और संभावित गैप्स की पहचान में सहायता मिलती है।

Comments