Rajasthan News: सौर ऊर्जा परियोजनाओं में लाएं तेजी, निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों कार्य —मुख्य सचिव
Rajasthan News: सौर ऊर्जा परियोजनाओं में लाएं तेजी, निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों कार्य —मुख्य सचिव
छोटा अखबार।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने ऊर्जा विभाग और राज्य की तीनों बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम्स) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव ने ऊर्जा विभाग की विभिन्न प्रमुख योजनाओं तथा महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और लंबे समय से लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए।
प्रमुख सौर ऊर्जा योजनाओं की विस्तृत समीक्षा—
बैठक के दौरान राज्य में चल रही महत्वपूर्ण सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर गहन मंथन हुआ। इसमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन (यूएलए) मॉडल की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
पीएम-कुसुम में राजस्थान अग्रणी, समय पर काम पूरे करने के निर्देश—
मुख्य सचिव ने कहा कि पीएम-कुसुम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और सौर ऊर्जा अपनाने के मामले में राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शुमार है। इस गति को बनाए रखने के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत की जा चुकीं सभी परियोजनाओं को बिना किसी देरी के तय समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि किसानों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
मुफ्त बिजली और रूफटॉप सोलर को मिलेगी गति—
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत उपभोक्ताओं से प्राप्त आवेदनों का बिना किसी देरी के शीघ्र निरीक्षण (इंस्पेक्शन) किया जाए। इसके साथ ही, सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर नए विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं।
वहीं, राज्य में रूफटॉप सोलर स्थापना के कार्यों को रफ्तार देने के लिए लागू किए गए यूएलए मॉडल की समीक्षा भी की गई। मुख्य सचिव ने इस मॉडल के तहत किए जा रहे कार्यों में समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के काम में और अधिक तेजी लाई जा सके। बैठक में ऊर्जा विभाग और डिस्कॉम्स के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

Comments