Rajasthan News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे राजस्थान समेत देश के पिछड़े क्षेत्रों के विकास का नया आधार बनेगा
Rajasthan News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे राजस्थान समेत देश के पिछड़े क्षेत्रों के विकास का नया आधार बनेगा
छोटा अखबार।
कोटा में आयोजित एक गरिमामय समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें दीं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एक्सप्रेसवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास के हाइवे हैं। उन्होंने कोटा को सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए नए मार्ग की घोषणा की। साथ ही, इटावा से कोटा एक्सप्रेसवे का नाम 'अटल एक्सप्रेसवे' करने का ऐलान किया। गडकरी ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान का तेजी से विकास हो रहा है और केंद्र सरकार प्रदेश की प्रगति में कोई कमी नहीं आने देगी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और भारतमाला परियोजनाएं राजस्थान के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी के नेतृत्व में देश ने सड़क निर्माण के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे आने वाले समय में देश की लाइफलाइन साबित होगा। वर्तमान में पूरे देश में हाईवे और सड़कों का एक मजबूत और आधुनिक नेटवर्क तैयार हो रहा है, जिससे व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भारी बढ़ावा मिलेगा। कोटा के लिए की गई नई घोषणाओं से हाड़ौती क्षेत्र के विकास के नए द्वार खुलेंगे।
यह एक्सप्रेसवे न केवल बड़े महानगरों की दूरी कम करेगा, बल्कि इसके किनारे औद्योगिक कॉरिडोर विकसित होने से पिछड़े इलाकों में आर्थिक खुशहाली आएगी।

Comments