Rajasthan News: राज्य जीएसटी की बड़ी कार्रवाई: 35 करोड़ रुपये की कर चोरी की आशंका
Rajasthan News: राज्य जीएसटी की बड़ी कार्रवाई: 35 करोड़ रुपये की कर चोरी की आशंका
छोटा अखबार।
राज्य जीएसटी और वाणिज्यिक कर विभाग, राजस्थान ने कर चोरी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यालय की प्रवर्तन शाखा-तृतीय, जयपुर ने मैसर्स प्रेम ग्रीन प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी चार अन्य फर्मों के कई ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। यह समूह मुख्य रूप से मेहंदी पाउडर, मेहंदी कोन, हेयर कलर और अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट्स का विनिर्माण और व्यापार करता है।
![]() |
| AI Photo |
₹35 करोड़ की कर चोरी की आशंका—
विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह समूह सोजत (पाली) से स्थानीय स्तर पर मेहंदी खरीदता है। इसके बाद विभिन्न उत्पाद तैयार कर देश के कई राज्यों में सप्लाई करता है। विभागीय जीएसटी पोर्टल पर डेटा विश्लेषण से सामने आया कि इन फर्मों ने पिछले 5 वर्षों में अपने ही पारिवारिक समूह से जुड़ी फर्मों से बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति (बोगस बिलिंग) के अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया। इस तरह सरकार को करीब 35 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति पहुंचाने का अनुमान है।
मौके पर ₹99.62 लाख की वसूली—
प्रवर्तन शाखा-तृतीय की पांच टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से इस समूह के पाली और जयपुर स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सर्च के दौरान अधिकारियों को फर्मों की लेखा पुस्तकों (अकाउंट बुक्स) में दर्ज स्टॉक और मौके पर मिले वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर मिला। गड़बड़ी पकड़े जाने पर कारोबारी ने तुरंत 99.62 लाख रुपये की राशि टैक्स के रूप में राजकोष में जमा करवाई।
दस्तावेजों की गहन जांच जारी—
विभाग अब इस मामले में इनपुट टैक्स क्रेडिट की वैधता, स्टॉक के अंतर और राज्य के बाहर भेजी गई सप्लाई के ई-वे बिलों की बारीकी से जांच कर रहा है। सभी संबंधित दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है ताकि कर चोरी के इस पूरे नेटवर्क का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके। आने वाले दिनों में कर चोरी का यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

Comments