Political News: राजस्थान कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी, युवा चेहरों को मिल सकती है कमान
Political News: राजस्थान कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी, युवा चेहरों को मिल सकती है कमान
छोटा अखबार।
राजस्थान कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा फेरबदल तय माना जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के गलियारों से मिल रहे संकेतों के अनुसार, प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों की टीम में शीघ्र ही व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
निष्क्रिय और दोहरी जिम्मेदारी वाले नेताओं की होगी छुट्टी—
सूत्रों के मुताबिक, इस बदलाव के तहत पार्टी के 'एक व्यक्ति, एक पद' के सिद्धांत को सख्ती से लागू किया जा सकता है। ऐसे करीब एक दर्जन नेता, जो प्रदेश पदाधिकारी होने के साथ-साथ जिला अध्यक्ष या संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त हो चुके हैं, उन्हें मौजूदा जिम्मेदारी से मुक्त किया जाएगा। इसके अलावा, पिछले काफी समय से निष्क्रिय चल रहे तीन-चार पदाधिकारियों की भी संगठन से छुट्टी की जाएगी। चर्चा है कि इस फेरबदल की गाज दो मौजूदा प्रदेश उपाध्यक्षों और आधा दर्जन से अधिक प्रदेश सचिवों पर गिर सकती है।
युवा नेताओं को मिलेगा मौका—
पार्टी आलाकमान अब संगठन को अधिक ऊर्जावान और सक्रिय बनाने के लिए युवा नेताओं को आगे लाने की सुगबुगाहट में है। परफॉर्मेंस रिपोर्ट के आधार पर नए और कर्मठ चेहरों को राजस्थान कांग्रेस के पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
डोटासरा बने रहेंगे पीसीसी चीफ—
इस बड़े फेरबदल के बीच मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संगठन नेतृत्व से संकेत मिले हैं कि डोटासरा आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों तक अपने पद पर यथावत बने रहेंगे। उनके नेतृत्व में ही पार्टी आगामी स्थानीय चुनावों में उतरेगी। डोटासरा ने हाल ही में दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर नई कार्यकारिणी के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की है।

Comments