Rajasthan News: हिण्डौन में चार क्रिकेट सट्टेबाज दबोचे, मुख्य सरगना सहित सभी पुलिस रिमांड पर
Rajasthan News: हिण्डौन में चार क्रिकेट सट्टेबाज दबोचे, मुख्य सरगना सहित सभी पुलिस रिमांड पर
छोटा अखबार।
करौली पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और सटीक मुखबिरी के आधार पर पुलिस ने क्रिकेट सट्टे के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब और सट्टेबाजी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि इस गिरोह तक पहुँचने के लिए साइबर सेल करौली की विशेष मदद ली गई। मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण (सीडीआर/लोकेशन) के बाद पुलिस ने खेडलीयान का पूरा में बने एक चारदिवारी घेर में दबिश दी। जहां बिगबैश लीग में चल रहे क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन एप्प पर सट्टे की खाईवाली करते आरोपी राजेश उर्फ कल्ला, शोएब उर्फ सोहिब और प्रशांत शर्मा उर्फ कलुवाराम निवासी हिंडौन सिटी को जांच और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
इस मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई को विस्तार देते हुए वांछित आरोपी और सरगना अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन को करौली के वागुर कुआं इलाके से दस्तयाब किया है। पूछताछ के बाद उसे भी भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों का खुलासा हो सके। वहीं पुलिस की छापेमारी में सट्टेबाजी का हाईटेक सामान बरामद हुआ है। जप्त सामग्री में 06 मोबाइल फोन (सट्टे की बुकिंग के लिए प्रयुक्त, 18 लाख रुपये का हिसाब (कागजों और डायरियों में दर्ज), 1 कैलकुलेटर, बिजली बोर्ड, केबल और 3 चार्जर, 02 नोटबुक और 4 बॉल पेन शामिल है।

Comments