Rajasthan News: अटलजी ने हर गांव को सड़क से जोड़ने का काम किया —अमित शाह
Rajasthan News: अटलजी ने हर गांव को सड़क से जोड़ने का काम किया —अमित शाह
छोटा अखबार।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित रहा। वे बाल्यकाल से ही राष्ट्रभक्ति के रास्ते पर चले। 40 साल तक विपक्ष में रहने और हर प्रतिकूल परिस्थिति के बावजूद राष्ट्रभक्ति का सिद्धांत ही उनके जीवन का आधार रहा। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास को लेकर कई बड़े फैसले किए। पूरे विश्व के दबाव के सामने ना झुकते हुए उन्होंने पोकरण में परमाणु परीक्षण किया।
केन्द्रीय गृह मंत्री रविवार को चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर 15 जिलों में 5 हजार 659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया। वही जल जीवन मिशन के तहत 1 हजार 500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात दी गई।
श्री शाह ने कहा कि स्व. अटलजी ने हर गांव को सड़क से जोड़ने का काम किया। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के तहत नेशनल हाईवे बनाए। देश के आदिवासियों के लिए उन्होंने पहली बार जनजाति कल्याण मंत्रालय बनाया। इसी का परिणाम है कि आज आदिवासी परिवार की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा आदिवासी कल्याण को आगे बढ़ाया। एसटी कॉम्पोनेंट का बजट 25 हजार करोड़ से बढ़ाकर 1 लाख 25 हजार करोड़ तक पहुंचाने का काम किया। भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया और देश में 10 आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय व 772 एकलव्य विद्यापीठ बनाने का काम किया। अटलजी ने जो शुरूआत की थी प्रधानमंत्री मोदी ने इसको अंजाम तक पहुंचाया है।
उन्होने राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की यह वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है। गृह मंत्री ने कहा कि इस वीर भूमि के महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह की राष्ट्रभक्ति, धर्मभक्ति और स्वराज के प्रति लगन ने मुगलों के विजय रथ को रोक कर रख दिया था। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पहले 11 लाख घरों तक ही नल से पानी पहुंचा था। माताएं-बहनें सिर पर तीन-तीन मटकियां लेकर कोसों दूर से पानी लेकर आती थी। जल जीवन मिशन से 8 साल में ही राजस्थान में 64 लाख घरों तक पानी पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि 80वां स्वतंत्रता दिवस करोड़ों लोगों के लिए बड़ा परिवर्तन लेकर आया। आजादी के 80 साल के बाद लाल किले की प्राचीर पर और देशभर में जहां ध्वजवंदन हुआ वहां पर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जी की अमर कृति राष्ट्र गीत वंदे मातरम का गायन हुआ। वंदे मातरम बोलते-बोलते हजारों-लाखों लोगों ने आजादी की लड़ाई में गोलियां खाईं, लाठियां खाईं और कई साल जेल में रहे व फांसी के फंदे पर चढ़ गए थे।
केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे वादे पूरे करने की दिशा में तेज गति से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान को पानी की कमी के लिए जाना जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री ने तीन बड़े जल समझौते कर आधे राजस्थान की प्यास बुझाने का काम किया है। हरियाणा, गुजरात और पंजाब तक का पानी वे यहां लाए हैं और पूरे राजस्थान को हरियाली से भरने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। राजस्थान के विकास के लिए 36 नई नीतियां बनाई हैं। प्रदेश में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीब परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। अब तक 5 करोड़ 87 लाख सिलेंडर पर प्रदेश में सब्सिडी दी गई है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत प्रदेश में 45 लाख लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान बहुत आगे बढ़ने वाला है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी देश के महान नेता थे। उनके कुशल नेतृत्व में द्वितीय परमाणु परीक्षण और 1999 के कारगिल युद्ध की जीत ने भारत की छवि को दुनियाभर में मजबूत किया। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से भारत को एक स्वाभिमानी और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाजपेयी जी के जन्मदिवस 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में घोषित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पचपदरा में 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से स्थापित राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन, ऊर्जा उत्पादन में आत्मनिर्भरता, 1 हजार 192 किलोमीटर नए एक्सप्रेस-वे जैसे विकास कार्यों से राजस्थान की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है। वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर और वर्ष 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ है वो भी इस प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं कि राजस्थान में विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच रहा है।

Comments