Rajasthan News: अगस्त 2026 तक राजस्थान को मिलेंगी 500 नई ई-बसें, 9 डिपो का निर्माण कार्य जारी
Rajasthan News: अगस्त 2026 तक राजस्थान को मिलेंगी 500 नई ई-बसें, 9 डिपो का निर्माण कार्य जारी
छोटा अखबार।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ईंधन खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील पर राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है। प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम ई-बस योजना और राज्य स्तर की योजनाओं के तहत अगस्त 2026 तक राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन के लिए 500 नई ई-बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन बसों के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश में 9 अत्याधुनिक ई-बस डिपो का निर्माण भी किया जा रहा है। बढ़ते शहरीकरण और यातायात के दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, जिससे शहरों में प्रदूषण कम होगा और आमजन का सफर सुगम होगा।
रोडवेज बेड़े का भी होगा विस्तार—
शहरी परिवहन के साथ-साथ लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े का भी विस्तार किया जा रहा है। इस वर्ष अगस्त माह तक रोडवेज के बेड़े में 144 नई ब्लू-लाइन बसें और 30 एसी स्लीपर बसें शामिल हो जाएंगी। इससे ग्रामीण और लंबी दूरी के रूटों पर परिवहन सेवाएं मजबूत होंगी।
मुख्य सचिव ने की प्रगति की समीक्षा—
शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में इन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में स्वायत्त शासन विभाग, परिवहन विभाग, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (JCTSL) और रोडवेज के आला अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-बसों और अन्य बसों की खरीद प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन देने के लिए संवेदनशील हैं। इन नई बसों के आने से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि ईंधन की खपत में भी भारी कमी आएगी।

Comments